🔥 ट्रेंडिंग રાધનપુર નગરપાલિકાની સામાન્ય સભામાં વિપ... પાટણ શહેરમાં દિવાળીના તહેવાર નિમિત્તે... KpdclL announces schedule power cuts A... कर्नाटक ने बस किराया बढ़ाया, बेंगलुरु... बेंगलुरु में BMTC बस किराया बढ़ा, न्यू... અરવલ્લી એ.સી.બી. પોલીસ સ્ટેશન દ્વારા મ...
04 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
सरकारी योजना

रबी सीजन से पहले किसानों को बीज-खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें अधिकारी : डीएम

✍️ रिपोर्टर: Surya bhan singh 🗓 04 नव. 2026, 06:47 PM 👁 11
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
धान खरीद के लिए जिले में बनाए गए 161 क्रय केंद्र, किसानों को एमएसपी का लाभ दिलाने के निर्देश

जौनपुर।रबी अभियान 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें रबी सीजन के दौरान किसानों को समय से बीज, उर्वरक और कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध कराने के साथ सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रबी की बुवाई से पहले ही किसानों की जरूरतों का आकलन कर बीज और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वितरण व्यवस्था ऐसी हो कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। समय से तैयारियां पूरी होने पर फसलों का अच्छादन, उत्पादन और उत्पादकता का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
धान खरीद की समीक्षा करते हुए डीएम ने बताया कि जिले में कुल 161 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसान इन केंद्रों पर अपनी उपज बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि खरीद प्रक्रिया में कहीं भी कोई समस्या या शिकायत हो तो निडर होकर प्रशासन को अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और विकास शासन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, जिससे पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
सिंचाई व्यवस्था पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के तीनों सिंचाई खंड किसानों की मांग के अनुरूप शत-प्रतिशत पानी उपलब्ध कराएं। नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। फसल बीमा योजना के तहत चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रभावित किसान अपनी समस्या बताएं, ताकि बीमा कंपनी के माध्यम से नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाई जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने उप कृषि निदेशक को बीज एवं उर्वरक की दुकानों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज, उर्वरक और कृषि रक्षा रसायन समय से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि शासन से निर्धारित कृषि उत्पादन के लक्ष्यों को पूरा किया जा सके।
बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा, भूमि संरक्षण अधिकारी कमलजीत सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं किसान मौजूद रहे।
📲Get App