कलेर में नारी शक्ति जीविका महिला विकास समिति की वार्षिक आमसभा संपन्न, ₹14.26 लाख का शुद्ध लाभ
यहाँ देखें:
▶️ YouTube
कलेर (अरवल)। पुराना प्रखंड परिसर स्थित संकुल संघ (CLF) कार्यालय में शनिवार को नारी शक्ति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, कलेर की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (DPM) रागिनी कुमारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (BPM) संजय कुमार और सीएलएफ अध्यक्षा संगीता देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आमसभा के दौरान समिति का वार्षिक वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। वित्तीय विवरण के अनुसार समिति की कुल आय ₹73,24,049 रही, जबकि कुल व्यय ₹58,98,016 दर्ज किया गया। इस तरह समिति को ₹14,26,033 का शुद्ध लाभ हुआ। समिति के बैंक खाते में ₹18,63,108.90 की अवशेष राशि तथा हाथ में ₹421 नकद राशि होने की जानकारी दी गई। जिला परियोजना प्रबंधक रागिनी कुमारी ने समिति के वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़ी महिलाओं का आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ना समाज के लिए प्रेरणादायी है। वहीं, प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने संकुल संघ के प्रयासों की जानकारी देते हुए जीविका दीदियों को आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीएलएफ अध्यक्षा संगीता देवी, सचिव संजू देवी, कोषाध्यक्षा रंजू देवी समेत निदेशक मंडल के सदस्य, विभिन्न कैडर और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं। आमसभा में समिति के कार्यों, वित्तीय स्थिति और आगे की गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।