🔥 ट्रेंडिंग CJP नेता ने पीएम के औद्योगिकपतियों पर... मुख्य न्यायाधीश ने धर्म और जाति विभाजन... डब्ल्यूवी न्यूज़ ने नागालैंड की दैनिक... उरई में गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट,... कॉलेज और स्कूल से संबंधित नोट्स प्राप्... संरक्षा सर्वोपरि: झाँसी रेलवे स्टेशन प...
23 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
रक्षा

पुलिस लाइन्स उरई में रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफल आयोजन, आपातकालीन तैयारियों का हुआ सजीव परीक्षण

✍️ रिपोर्टर: Pankaj Gupta 🗓 23 नव. 2026, 04:57 AM 👁 20
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड ने दिखाया रेस्क्यू ऑपरेशन का दम, घायलों को सुरक्षित निकालकर दिया प्राथमिक उपचार

उरई (जालौन)। पुलिस लाइन्स उरई में रविवार, 22 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत की उपस्थिति में ‘रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज-2026’ का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से हवाई हमले की चेतावनी, आपदा अथवा किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग की तैयारियों, संसाधनों की सक्रियता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी नगर राजेश कमल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह सहित एसडीआरएफ की टीम, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मॉक एक्सरसाइज की शुरुआत सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन से की गई। इसके बाद हवाई हमले की सूचना के प्रतीक स्वरूप लगातार दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही पुलिस लाइन्स एवं आसपास के निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई गई। इसके जरिए वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन और संबंधित विभागों की प्रतिक्रिया का अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान एसडीआरएफ की टीम ने मकानों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त एवं क्षतिग्रस्त कार के शीशे तोड़कर तथा अवरोधक दीवार को काटकर अंदर फंसे घायलों को निकालने की तकनीकी प्रक्रिया का भी सजीव प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल से लगी आग पर तत्काल नियंत्रण पाने और आग बुझाने का अभ्यास किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने विशेष फायर सूट पहनकर आग एवं धुएं से प्रभावित मकान के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। रेस्क्यू किए गए घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया तथा स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस तक पहुंचाकर आगे की चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अभ्यास किया गया।
इस मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना तथा आमजन की सुरक्षा के लिए उपलब्ध संसाधनों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना रहा। पूरे अभ्यास के दौरान संबंधित विभागों ने आपसी तालमेल और तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
📲Get App