🔥 TRENDING ગીરસોમનાથ ના મૂળદ્વારકા ગામ મા સમસ્ત મ... गोपालगंज: खाद-बीज की मूल दर से अधिक की... घरेलू विवाद में महिला के साथ मारपीट और... Punjab Mining Dept Seizes 5 Tippers in... Punjab Congress accuses BJP of undermi... Punjab Police Conduct 667 Raids, Arres...
29 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

मैनपुरी: आगरा मण्डल आयुक्त ने बूथ स्तर पर विशेष पुनरीक्षण अभियान का किया निरीक्षण, कम प्रगति पर अधिकारियों को दिया निर्देश

✍️ Reporter: Mohit Tiwari 🗓 29 Nov 2026, 07:44 PM 👁 18
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से रोल प्रेक्षक ने मैनपुरी के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की। कम प्रगति वाले बूथों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से रोल प्रेक्षक एवं आयुक्त आगरा मण्डल, नगेन्द्र प्रताप सिंह ने मैनपुरी जिले के विभिन्न स्थानों पर बूथ लेवल अधिकारियों से मिलकर जानकारी ली। उन्होंने कैप्टन उम्मेद सिंह इंटर कॉलेज कल्होर में स्थित बूथ संख्या 473 और 474, राजकीय इंटर कॉलेज में स्थित बूथ संख्या 192 से 198 तथा प्राथमिक विद्यालय गोला बाजार के बूथ संख्या 79 से 81 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु प्राप्त फॉर्म-6, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन हेतु फॉर्म-7 और विवरणों में संशोधन हेतु फॉर्म-8 की जांच की। उन्होंने बी.एल.ओ. के पास उपलब्ध पंजिका, ऐप तथा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मिलान करते हुए निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी आवेदन लंबित न रहे।

रोल प्रेक्षक ने बूथवार समीक्षा के दौरान कहा कि जिन बूथों पर लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान देकर शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाताओं तथा नव विवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बी.एल.ओ. को निर्देश दिया कि आवेदकों से आधार नंबर, मोबाइल नंबर, स्पष्ट फोटो एवं सभी आवश्यक प्रविष्टियां सही-सही भरवाई जाएं और फॉर्म को तत्काल ऑनलाइन फीड किया जाए, क्योंकि केवल ऑनलाइन दर्ज आवेदनों ही को अंतिम रूप से मान्यता दी जाएगी।

प्राथमिक विद्यालय गोला बाजार स्थित बूथ संख्या 79 से 81 के निरीक्षण के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर रोल प्रेक्षक ने संबंधित बी.एल.ओ. और सुपरवाइजर के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कम प्रगति वाले बूथों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और बी.एल.ओ. को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूर्ण करने हेतु सक्रिय किया जाए।

मंडलायुक्त ने उपस्थित बी.एल.ओ., सुपरवाइजरों एवं अन्य कार्मिकों को आदेशित किया कि वह क्षेत्र में व्यापक जन-जागरूकता फैलाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत सहायकों, कोटेदारों के सहयोग से छूटे हुए पात्र मतदाताओं को चिन्हित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, पारदर्शी एवं समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, जिसमें कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रहे। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर घिरोर श्याम प्रताप सिंह, सुनिष्ठा सिंह, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी हरिओम बाजपेई उपस्थित रहे।
📲Get App