🔥 TRENDING वाराणसी के समाजसेवी अमरीश सिंह भोला को... CJP Leaders Questioned 4 Hours by Delh... Trump Warns Iran: 'You'll Know Soon En... Chennai's 'Transparent' Phase Ends as... NMC Proposes NEET-PG Reforms: Rank-Bas... CM dares Gehlot: More cases with proof...
06 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
कोरबा में विद्युत टावर गिराकर एल्युमिनियम वायर चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
Crime

कोरबा में विद्युत टावर गिराकर एल्युमिनियम वायर चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

✍️ Reporter: Vishwanath Pratap Singh 🗓 05 Sep 2026, 09:46 PM 👁 83
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

कोरबा पुलिस ने कहा कि विद्युत व्यवस्था और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

बालको नगर थाना पुलिस ने विद्युत टावर गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 65 हजार रुपये कीमत का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विद्युत सामग्री चोरी करने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार 3 और 4 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको के आगे सीएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग पर पेट्रोलिंग के दौरान विद्युत टावर क्षतिग्रस्त हालत में गिरा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि अज्ञात लोगों ने टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी किया था।

घटना की सूचना मिलने के बाद बालको नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। संदेह के आधार पर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने विद्युत टावर गिराकर एल्युमिनियम कंडक्टर वायर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन टंडन (25), निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा और वासु साण्डे उर्फ चिंटू (18 वर्ष 8 माह), निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा के रूप में हुई है। बालको नगर थाने में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम की धारा 136, 139, लोक संपत्ति का नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 तथा बीएनएस की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

कोरबा पुलिस ने कहा कि विद्युत व्यवस्था और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
📲Get App