Defence
एस.आर. पब्लिक स्कूल उरई में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
साइबर सेल टीम ने विद्यार्थियों को दिए ऑनलाइन सुरक्षा के टिप्स, OTP- UPI PIN साझा न करने और संदिग्ध लिंक से बचने की दी सलाह।
उरई, (जालौन)। भारत सरकार द्वारा संचालित बुधवार साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार, 4 नवंबर 2026 को जनपदीय साइबर सेल जालौन की ओर से एस.आर. पब्लिक स्कूल उरई में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के अध्यापकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक अजीत शर्मा, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह एवं कांस्टेबल प्रेमवीर सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, वेब ब्राउजिंग सेफ्टी, वेब सेफ्टी टूल्स, डिजिटल अरेस्ट स्कैम, साइबर बुलिंग और साइबर ग्रूमिंग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साइबर सेल टीम ने ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP और UPI PIN साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें। टीम ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जरूरी सावधानियों से भी अवगत कराया। इसके साथ ही डिजिटल अरेस्ट स्कैम, साइबर बुलिंग एवं साइबर ग्रूमिंग से बचाव के उपाय बताए गए। साइबर सेल टीम ने जानकारी दी कि साइबर अपराध की किसी भी घटना का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के स्टाफ को साइबर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।