🔥 TRENDING સાબરકાંઠા - પોશીના તાલુકામાં ફરીએકવાર... फार्मर आई डी नही बनने के कारण किसान बी... પી.સી.પી.એન.ડી.ટી. એક્ટ રજિસ્ટર્ડ હોસ્... નેપાળમાં ત્રિશુલી નદીના વિનાશક પૂરમાં... सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में... ધાંગધ્રા તાલુકાના વસાડવા ગામમાં જુગાર...
02 Sep 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
डिजिटल क्रॉप सर्वे में धीमी प्रगति पर तहसीलदारों को नोटिस, पीएम धन-धान्य कृषि योजना के लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

डिजिटल क्रॉप सर्वे में धीमी प्रगति पर तहसीलदारों को नोटिस, पीएम धन-धान्य कृषि योजना के लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

✍️ Reporter: Vishwanath Pratap Singh 🗓 02 Sep 2026, 08:00 AM 👁 6
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

CM हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों, टीएल मामलों और जनहित से जुड़े अन्य विषयों की जानकारी लेते हुए सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण करने को कहा। निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर उन्होंने शिक्षा एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम धन-धान्य कृषि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने योजना के निर्धारित लक्ष्यों और सूचकांकों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया। कृषि विभाग को फसल बीमा, क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट का डाटा एप पर समय पर दर्ज करने, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन और माइक्रो न्यूट्रिशन वितरण की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बिहान से जुड़ी सक्रिय कृषि सखी महिलाओं का बैच तैयार कर कौशल उन्नयन के साथ उन्हें ड्रोन दीदी के रूप में प्रशिक्षित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। मत्स्य विभाग को पात्र मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। गिरदावरी एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। धीमी प्रगति वाले तहसीलदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बरसात से क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे शीघ्र पूरा कर प्रभावितों को राहत पहुंचाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यक मरम्मत तत्काल शुरू कराने को कहा। सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर शीघ्र ऑनबोर्ड होने के निर्देश दिए।

बैठक में नए स्वीकृत धान खरीदी केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थल चयन, मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था और सड़कों पर आवारा मवेशियों के सुरक्षित व्यवस्थापन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं, कलेक्टर जनदर्शन और विभिन्न जनशिकायतों से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
📲Get App