🔥 TRENDING Congress Questions Modi Govt's China P... Shafali Verma, Smriti Mandhana lead In... Nana Patole accuses PM Modi of surrend... India clinches Women's Asia Cup title... Emmy Awards Tuesday: Critics Suggest W... Congress Demands PM Modi's Response Af...
14 Sep 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

*642वें रामदेवरा मेले का विधिवत शुभारंभ, मंगला आरती के साथ खुला मंदिर का मुख्य द्वार*

✍️ Reporter: Rajendra Kumar sen 🗓 14 Sep 2026, 05:35 AM 👁 19
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*642वें रामदेवरा मेले का विधिवत शुभारंभ, मंगला आरती के साथ खुला मंदिर का मुख्य द्वार*

*जिला कलक्टर ने बाबा रामदेव की समाधि पर पूजा-अर्चना कर की देश-प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना*

*भादवा सुदी बीज पर बाबा के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा रामदेवरा*

जैसलमेर, 13 सितम्बर। पश्चिमी राजस्थान के सुप्रसिद्ध लोकदेवता बाबा रामदेव की अवतरण तिथि भादवा शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर रविवार को अलसुबह मंगला आरती के साथ विश्वविख्यात 642वें रामदेवरा मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मंगला आरती के साथ मंदिर के मुख्य द्वार खुलते ही बाबा के दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच निज मंदिर में प्रवेश कर बाबा की समाधि के दर्शन किए।

इस पावन अवसर पर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बाबा रामदेव की समाधि पर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश-प्रदेश में अमन-चैन, सुख-शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। उन्होंने मेले में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मेले के सफल आयोजन की कामना की।

पुजारी पं. कमल किशोर छंगाणी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा की समाधि का दूध, दही, शहद, इत्र एवं पंचामृत से अभिषेक कराया। बाबा को मेवा-मिष्ठान एवं मिश्री का भोग अर्पित किया गया तथा समाधि पर नई चादर चढ़ाई गई। इसके पश्चात भोग आरती संपन्न हुई। उपस्थित अतिथियों ने समाधि पर इत्र एवं प्रसाद अर्पित कर चंवर ढुलाया एवं बाबा की अखंड ज्योत के दर्शन किए। श्रद्धालुओं को पवित्र जारी के जल का आचमन भी कराया गया।

*मंगला आरती के साथ उमड़ा आस्था का सैलाब*

भादवा सुदी बीज के अवसर पर बाबा रामदेव के पावन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। दर्शन की प्रबल आस्था के चलते अनेक श्रद्धालु रातभर बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अलसुबह मंदिर के मुख्य द्वार खुलते ही “बाबा रामदेव की जय” के जयघोषों से पूरा निज मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दर्शन के लिए आगे बढ़े।

मंदिर परिसर के बाहर, आसपास की गलियों एवं मेला क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। नगाड़ों, लोक भजनों एवं बाबा के जयकारों से पूरा रामदेवरा भक्तिमय नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित रविवार रात्रि से ही दर्शन के लिए कतारबद्ध होकर व्यवस्था में सहयोग करते नजर आए। चारों ओर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जैसलमेर यथार्थ शेखर, उपखंड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण, उपाधीक्षक पुलिस वीरेंद्र सिंह, सीओ पोकरण कैलाश कंवर, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग जैसलमेर प्रवीण प्रकाश चौहान, बाबा के वंशज एवं गादीपति भोमसिंह तंवर, अन्य अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने बाबा रामदेव की समाधि पर पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश में शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

*जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया मेला व्यवस्थाओं का जायजा*

मेले के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक श्रद्धालु को बाबा रामदेव के सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित किए जाएं।

जिला कलक्टर ने मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य माध्यमों से मेला क्षेत्र की निरंतर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, मेला परिसर में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा पर्याप्त संख्या में सफाई कार्मिकों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।

जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि रामदेवरा मेले में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, सहज एवं सुखद अनुभव लेकर लौटे, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं समर्पण के साथ कार्य करें।
📲Get App