Local
उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर चयनित जालौन के अभ्यर्थियों को एएसपी ने दी शुभकामनाएं, लखनऊ के लिए किया रवाना।
एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने चयनित अभ्यर्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा का पढ़ाया पाठ, प्रशिक्षण के लिए लखनऊ हुए रवाना।
उरई, जालौन। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दारोगा) पद पर चयनित जनपद जालौन के अभ्यर्थियों को गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन उरई से आगामी प्रशिक्षण के लिए लखनऊ रवाना किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसमें जनता के प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यों के प्रति समर्पण बेहद आवश्यक है। उन्होंने आगामी प्रशिक्षण के दौरान पूरी लगन और मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वयं को मजबूत बनाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही आमजन के साथ शिष्ट, सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके पश्चात सभी चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस लाइन उरई से लखनऊ के लिए रवाना किया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों में नई जिम्मेदारी और पुलिस सेवा में कदम रखने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।