🔥 TRENDING കെ.യു.ഡബ്ല്യു.ജെ. മലപ്പുറം ജില്ലാ കമ്മ... બગસરા તાલુકા વિકાસ અધિકારી ભાવનાબેનનું... ਅੰਤਿਮ ਰਸਮਾਂ ਦੌਰਾਨ ਚਰਚ ''ਚ ਚੱਲੀਆਂ ਤਾਬੜਤ... नलबंद चौराहे पर होटल संचालकों द्वारा प... मुजफ्फरनगर MLC चुनाव में एजेंट कार्ड क... महेशपुर में मां दुर्गा का भव्य विसर्जन...
23 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

दीपावली को लेकर ग्वालियर पुलिस अलर्ट, कैल्शियम कार्बाइड व अवैध पटाखों पर होगी सख्त कार्रवाई

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 23 Oct 2026, 06:39 PM 👁 16
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। कैल्शियम कार्बाइड की अवैध बिक्री, बाजारों में अतिक्रमण रोकने और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

ग्वालियर, 23 अक्टूबर 2026। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह ने आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं शहर के थाना प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी इंदरगंज श्री रोबिन जैन, सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेंद्र सिंह सिकरवार, सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह, सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे, डीएसपी अपराध श्री मनीष यादव सहित शहर के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में एसएसपी ग्वालियर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैल्शियम कार्बाइड, कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप एवं इनसे संबंधित सामग्री तथा पटाखों के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय तथा सप्लाई पर विशेष निगरानी रखी जाए। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हार्डवेयर दुकानों की चेकिंग करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कहीं भी कैल्शियम कार्बाइड की अनधिकृत बिक्री न हो। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अनधिकृत स्थानों पर पटाखों के निर्माण, बिक्री एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा दीपावली के अवसर पर लगने वाले पटाखा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं। दुकानदारों को अपनी दुकान का सामान बाहर रखकर अतिक्रमण नहीं करने तथा सड़क पर वाहन खड़े नहीं करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

इसके अलावा, त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने तथा फरार बदमाशों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, बाजारों में व्यवस्था और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्वालियर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दीपावली का त्योहार सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, प्रतिबंधित अथवा असुरक्षित सामग्री का उपयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
📲Get App