🔥 ट्रेंडिंग अरुणाचल प्रदेश में नायिंग जलविद्युत पर... जम्मू गोदाम में आग: उपमुख्यमंत्री और म... जम्मू-कश्मीर के पूर्व IPS अधिकारी को ग... जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर से वर्षा की... गोवा पुलिस ने 3‑वर्षीय लड़की पर कथित य... गांव में 3 साल के बच्चे पर यौन हमला; प...
09 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

दिल्ली की रात बनी हादसों की रात! गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में 10वीं मंजिल पर आग, मुंबई-पुणे में भी हादसे... 3 मौतें

✍️ रिपोर्टर: ashif 🗓 09 नव. 2026, 07:19 PM 👁 50
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
दिवाली पर देशभर में आतिशबाजी के बीच आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं. कहीं पटाखे की चिंगारी से दुकान जल गई तो कहीं फैक्ट्री, गोदाम और रिहायशी इमारतें आग की चपेट में आ गईं. इन हादसों में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल हुए या लापता बताए गए. पुणे में अकेले आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं. राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की जान चली गई. वहीं, दिल्ली के नरेला में रॉकेट लगने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई.
राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, तेलंगाना और हरियाणा समेत कई राज्यों में आग लगने की घटनाएं हुईं. कहीं दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में घंटों लग गए तो कहीं एक के बाद एक कई इमारतों में आग फैल गई. पाली में तीन लोगों के लापता होने की भी सूचना थी. वहीं, कई जगह आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है.
राजस्थान के पाली जिले के फालना कस्बे में रविवार रात करीब 10 बजे स्वर्ण मंदिर के पास एक पटाखों की दुकान में आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सड़क पर पटाखे जला रहे लोगों की चिंगारी दुकान तक पहुंच गई. इसके बाद आग ने तेजी से आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. पास की बैटरी और कटलरी की दुकान भी जल गई
इस हादसे में दो लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ. आग में दो स्कूटी, एक बाइक और एक साइकिल भी जल गई. तीन अन्य लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी. बताया गया कि दुकान के ऊपर रहने की जगह भी थी. उनके फोन बंद आने के कारण उनकी तलाश की जा रही थी. आग बुझाने के लिए बाली, सांडेराव और रावला से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. रात करीब 2:30 बजे तक आग बुझाने का काम जारी था.
दिल्ली: रॉकेट लगने से 10 साल के बच्चे की मौत, फैक्ट्री में भी आग

बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में दिवाली के दिन पटाखे जलाते समय 10 साल के बच्चे के पेट में रॉकेट जा लगा. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसके अलावा दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के नांगली सकरावती में एक गारमेंट फैक्ट्री में आग लग गई. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 25 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के बाद वहां कूलिंग का काम किया गया. फिलहाल आग लगने की वजह और नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
महाराष्ट्र: पुणे में आग की 63 घटनाएं, मुंबई में कई जगह जली दुकानें और इमारतें

महाराष्ट्र में दिवाली के दौरान आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं. सबसे ज्यादा घटनाएं पुणे में दर्ज की गईं. यहां लक्ष्मी पूजन के दिन पटाखों की वजह से आग लगने के 63 मामले सामने आए. दमकल की टीमों ने सभी जगह पहुंचकर आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की मौत हुई. हालांकि, बड़ी संख्या में पटाखे फूटने से शहर की हवा पर असर पड़ा और आसमान में धुंध दिखाई दी.

पुणे के बाद नागपुर में भी आग का बड़ा हादसा हुआ. यहां सावरकर नगर में देव नगर चौक के पास साई डायनेमिक्स टीवीएस शोरूम में आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पटाखों की वजह से शोरूम के शेड में आग लगी, जो नीचे के हिस्से तक फैल गई. इस हादसे में कई दोपहिया वाहन जलकर खराब हो गए.
मुंबई के डोंगरी इलाके में नूर बाग की हाजी कासम चॉल में रात करीब 9:30 बजे आग लगी. घनी बस्ती होने की वजह से आग तेजी से फैली और 30 से ज्यादा दुकानों व झोपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, चॉल के रिहायशी हिस्सों को समय रहते खाली करा लिया गया था.
इसी रात विद्याविहार रेलवे स्टेशन के पास स्थित स्काईलाइन विहार इमारत में भी आग लग गई. रात करीब 11 बजे लगी आग ऊपरी मंजिलों से नीचे की ओर फैल गई. देखते ही देखते इमारत की तीन मंजिलें जलकर खाक हो गईं. दिवाली की छुट्टी होने के कारण उस समय इमारत में कर्मचारी मौजूद नहीं थे.
वहीं, जोगेश्वरी हाईवे के पास एक गैराज में आग लगने के बाद वहां रखा सिलेंडर फट गया. धमाके के बाद आग आसपास की झोपड़ियों तक फैल गई. इस हादसे में कई झोपड़ियां, एक ऑटो रिक्शा और बाइक जल गई. दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग को आगे फैलने से रोका.

मुंबई के दूसरे इलाकों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं. कुर्ला पश्चिम के मसरानी इंडस्ट्रियल एस्टेट, मुलुंड, मरोल और कांदिवली के साथ नवी मुंबई के तुर्भे में भी आग लगी. उधर, ठाणे के रहेजा गार्डन रिहायशी परिसर में 8वीं, 9वीं और 10वीं मंजिल पर आग लग गई. दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी घटनास्थल पर पहुंचे.

इसके अलावा, दादर पश्चिम के कामगार स्टेडियम में रविवार सुबह करीब 10:15 बजे आग लगी. वहां रखी लकड़ी और बांस की सामग्री इसकी चपेट में आ गई. दमकल विभाग ने 17 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. वहीं, इससे एक रात पहले शनिवार को अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला इलाके की एक ऊंची इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.
जम्मू-कश्मीर: नेहरू मार्केट में 12 दुकानें जलीं, कठुआ में भी आग

जम्मू के वेयरहाउस इलाके में स्थित नेहरू मार्केट में रात करीब 9:15 बजे एक दुकान में आग लग गई. आग ने जल्द ही आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. बताया गया कि दुकानों में खाने का तेल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैली. इस घटना में कम से कम 12 दुकानें जल गईं. कई दमकल केंद्रों से गाड़ियां बुलाकर आग बुझाने का काम किया गया. किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी.

वहीं, कठुआ जिले की जिला पुलिस लाइन में भी आग लगने की एक अलग घटना सामने आई. इन दोनों जगहों पर आग लगने की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है.

उत्तर प्रदेश: बांदा में कबाड़ की दुकान जली, गाजियाबाद में फैक्ट्री और फ्लैट में आग

उत्तर प्रदेश के बांदा में कोतवाली क्षेत्र के बाबेरू रोड पर एक कबाड़ की दुकान में देर रात आग लग गई. दुकान में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई. इसे बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गईं. दुकान मालिक ने आरोप लगाया कि किसी ने जानबूझकर दुकान में पटाखे फेंके थे. उसने आग से करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उसे मदद का भरोसा दिया.
गाजियाबाद के विजयनगर औद्योगिक क्षेत्र में नोवा बोल्ट प्लास्टिक कंपनी में भी भीषण आग लग गई. यहां प्लास्टिक की कुर्सियां बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और दूसरी प्लास्टिक सामग्री रखी थी. आग तेजी से फैली और ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का गुबार उठने लगा. दमकल विभाग की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है.

इसके अलावा, गाजियाबाद के ही क्रॉसिंग रिपब्लिक की GH-7 सोसाइटी में 10वीं मंजिल के एक फ्लैट में भी आग लगी. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. बताया गया कि फ्लैट बंद था और आग से लाखों रुपये का सामान जल गया. शुरुआती आशंका जताई गई कि बालकनी में पटाखे की चिंगारी गिरने से आग लगी होगी. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी.

बिहार: पटना में गोदाम और कबाड़ की दुकान आग की चपेट में

बिहार के पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र में पैजावा स्थित एक स्टील गोदाम में भीषण आग लग गई. गोदाम में रखे लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और स्टील का सामान जलकर खाक हो गया. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था. हालांकि, इसकी वजह अभी साफ नहीं हुई है.
इसके अलावा, पटना के मनेर इलाके में भी पटाखे की चिंगारी से एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया.

सिक्किम: नामची के पुराने अस्पताल परिसर और गंगटोक के सरकारी आवास में आग

सिक्किम के दक्षिणी जिले नामची में पुराने अस्पताल परिसर में देर शाम आग लग गई. यह अस्पताल पहले दक्षिण और पश्चिम सिक्किम के लोगों के इलाज का प्रमुख केंद्र था. बाद में पास में नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने के बाद इलाज की सुविधाएं वहां पहुंच गई थीं. आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी. आग की वजह का पता नहीं चल सका है.

वहीं, गंगटोक की फॉरेस्ट कॉलोनी में रविवार रात एक सरकारी आवास में भी आग लग गई. शुरुआती जानकारी में इसकी वजह पटाखों को बताया गया. हालांकि, आग से कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी.

तेलंगाना: प्लास्टिक फैक्ट्री से पास की यूनिट तक फैली आग

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के कटेदन इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक ग्रैन्यूल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई. यह घटना मेलारदेवपल्ली थाना क्षेत्र की है. फैक्ट्री से उठता काला धुआं आसपास के इलाके में फैल गया. आग ने पास की प्लाईवुड बनाने वाली यूनिट को भी अपनी चपेट में ले लिया. दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. शुरुआती आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

हरियाणा: सोनीपत की जूसर-मिक्सर फैक्ट्री में भीषण आग

हरियाणा के सोनीपत के बड़ी इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 में नॉर्थ वेस्ट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में आग लग गई. यहां जूसर और मिक्सर बनाए जाते हैं. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई. आग बुझाने के लिए दमकल की छह गाड़ियां पहुंचीं. पानीपत से भी गाड़ियां बुलाई गईं. तीन घंटे से ज्यादा समय तक कोशिश के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका था.

फैक्ट्री में टीन शेड होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में परेशानी हुई. फायर अधिकारी के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और दमकल की गाड़ियों के आने-जाने वाले रास्ते पर कब्जे के कारण भी ऐसी घटनाओं में दिक्कत आती है. फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है.

पश्चिम बंगाल: गोदाम से आसपास के घरों तक पहुंची आग

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ में एक गोदाम में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते लपटें आसपास के कई घरों तक पहुंच गईं. इस घटना में कई मकान जलकर खाक हो गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलते हुए पटाखे की चिंगारी गोदाम में जा गिरी थी, जिससे आग लगी. दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. टीटागढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद थी.

दिवाली पर हुई इन घटनाओं में कहीं लोगों की जान गई तो कहीं परिवारों और कारोबारियों की सालों की कमाई आग में जल गई. कई जगह आग की वजह अभी साफ नहीं है. ऐसे में जांच के बाद ही पता चलेगा कि किन घटनाओं में पटाखों की चिंगारी वजह बनी और कहां आग दूसरे कारणों से लगी.
📲Get App