🔥 TRENDING ચોટીલા ચામુંડા માતાજીના મંદિરમા શરદીય... અયોધ્યામાં ભગવાન રામલલ્લાની મંગળા આરતી... ગાંધીનગરમાં 38 બેઠકમાં જીત, BJP કાર્યા... અયોધ્યામાં ભગવાન શ્રીરામલલ્લાની મંગળા... હળવદમાં થાર અને બાઈક સામ સામે અવતા થઈ... ગાંધીનગર મનપાની ચૂંટણીમાં ભાજપનો વિજય;...
14 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

टीकमगढ़: टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण और बानसुजारा परियोजना के भूमि भुगतान पर जोर

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 14 Oct 2026, 07:16 AM 👁 6
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में आयोजित टीएल बैठक में 100 दिन से लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण, बानसुजारा परियोजना के भू-अर्जन और खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई।

टीकमगढ़। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, बानसुजारा एवं केन-बेतवा लिंक परियोजना के भू-अर्जन, खाद वितरण व्यवस्था और विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का त्वरित निपटारा करने के निर्देश दिए। खाद की बुकिंग एवं खरीदी से जुड़ी शिकायत पर उन्होंने बैठक के दौरान ही शिकायतकर्ता से फोन पर चर्चा कर समस्या सुनी और संबंधित अधिकारी को नियमानुसार निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत लिधौरा तहसील में प्रस्तावित शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

बानसुजारा परियोजना के तहत आपसी सहमति से क्रय की गई निजी भूमियों की रजिस्ट्री के संबंध में भुगतान प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने दी। हरपुरा नहर के लिए भू-अर्जन की प्रक्रिया भी जारी है। कलेक्टर ने रजिस्ट्री और भुगतान संबंधी कार्यवाही जल्द पूरी करने तथा निर्धारित समय-सीमा में भू-अर्जन कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत भू-अर्जन और रिकॉर्ड सुधार कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदारों को सोमवार तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

कृषि क्षेत्र में खाद की उपलब्धता, वितरण और ई-विकास प्रणाली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मार्कफेड के गोदामों में उपलब्ध खाद की जानकारी ली और किसानों को सुचारु रूप से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले को राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान पर संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने को कहा। इसके अलावा, ग्रामसभा के सीएफएफआर प्रस्तावों, चयनित ग्रामों में वाचनालय स्थापना और डीएटीसीसी के अंतर्गत तालकोठी, मड़खेड़ा सूर्य मंदिर सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों का भुगतान प्रत्येक माह की 7 तारीख तक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़, अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह, विभिन्न एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जिला लोक सेवा प्रबंधक श्री अमन गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
📲Get App