🔥 TRENDING Brain-dead software engineer from Jaba... RSS National Executive Meeting in Indo... Police seize 200 bags of urea in raid... बलीराजगढ़ में महिलाओं का आक्रोश, डीएम... മലപ്പുറത്ത് മഴ തുടരുന്നു. शिरूर तालुक्यातील प्रलंबित प्रश्नांसाठ...
03 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

शिवपुरी में त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन मुस्तैद, 44 नमूनों का लेबोरेटरी परीक्षण जारी

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 03 Nov 2026, 02:54 PM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए शिवपुरी जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया है। 8 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से 44 नमूने संकलित किए गए हैं, जिनका विश्लेषण राज्य खाद्य प्रयोगशाला में किया जा रहा है।

आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरों पर लगाम लगाने के लिए शिवपुरी जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा (आईएएस) के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जिले में निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी है।

उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, 08 अक्टूबर से 01 नवम्बर 2026 की अवधि के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 44 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए हैं। इनमें कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज, शिवपुरी से खुला रिफाइंड सोयाबीन तेल, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, पोहा, तुअर दाल एवं मूंग दाल छिलका; खान केक पॉइंट, सिलारपुर करैरा से मिक्स केक एवं स्किम्ड मिल्क पाउडर; शर्मा मिष्ठान भंडार शिवपुरी से खुला मावा पेड़ा; मां गायत्री स्व-सहायता समूह सेसई से खुला दलिया, लूज कढ़ी एवं बने हुए चावल; और श्रीराम ऑयल इंडस्ट्रीज शिवपुरी से पवन श्री सरसों तेल (200 मि.ली. एवं 500 मि.ली.) के नमूने शामिल हैं।

इसके अलावा, सिंघल स्वीट्स, कोर्ट रोड शिवपुरी से लूज जलेबी, बूंदी के लड्डू, लूज गुजिया एवं मावा-खोपरा बर्फी; शुभम नमकीन शिवपुरी से बारीक नमकीन सेव, लॉन्ग सेव नमकीन एवं हींग मिक्स नमकीन; ए.के. स्वीट्स एंड चाट पोहरी से श्री जी बेकिंग पाउडर, काला नमक एवं फूड कलर; और मालम महिला मिल्क प्रोड्यूसर, करैरा से मिक्स्ड मिल्क के नमूने लिए गए हैं। इसी प्रकार चौबे स्वीट्स करैरा, कमल कृष्ण मिष्ठान भंडार नरवर, जैन मिष्ठान भंडार नरवर, बालाजी स्वीट्स शिवपुरी, जय शिव स्वीट्स शिवपुरी, श्रीकृष्णा मिष्ठान भंडार पोहरी, होटल बसंत बिहार पोहरी, गर्ग रेस्टोरेंट पोहरी और ममलेश्वर चाट भंडार पोहरी से बेकिंग पाउडर, फूड कलर, मावा बर्फी, लड्डू और नमकीन सेव जैसे विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी संकलित किए गए हैं। राज्य खाद्य प्रयोगशाला से विश्लेषण प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात अधिनियम के अंतर्गत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस विशेष अभियान के दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ने भी जिले के करैरा, शिवपुरी, नरवर तथा बदरवास क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया। चलित खाद्य प्रयोगशाला द्वारा मौके पर ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के 100 नमूनों का परीक्षण किया गया, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही जिले के अंतर्गत 08 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया गया।
📲Get App