🔥 TRENDING નર્મદા કિનારે ભાદરવા દેવનો ભવ્ય પૌરાણિ... Modi and Nepal’s Balendra Shah outline... Congress and Samajwadi Party to Finali... नागेंद्र गुप्ता को सलेमपुर पिछड़ा मोर्... Tripura Police Seize 34,450 Bottles of... Aditya Birla Group to Operate Himachal...
23 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ जालौन पुलिस की गोष्ठी, साइबर अपराध और अफवाहों पर रोक लगाने को लेकर हुई चर्चा

✍️ Reporter: Pankaj Gupta 🗓 23 Nov 2026, 07:21 PM 👁 22
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

साइबर ठगी, फेक न्यूज और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग करेंगे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, जालौन पुलिस के साथ चलाएंगे अभियान।

उरई (जालौन)। सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को जागरूक करने और पुलिस तथा जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन उरई में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स एवं ब्लॉगर्स के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी भी मौजूद रहे।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया समाज को जागरूक करने का सबसे सशक्त माध्यम बन चुका है। जनपद पुलिस और आमजन के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने तथा पुलिस के अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने, ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही किसी भी घटना या वीडियो को बिना सत्यापन के साझा न करने तथा भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील की गई। यातायात नियमों के पालन को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। इन्फ्लुएंसर्स से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने तथा रील और स्टंट बनाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। इसके अलावा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करते हुए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मिशन शक्ति के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि वे अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग समाजहित, सकारात्मक संदेशों और पुलिस के जनहितकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में करें। साथ ही कानून के विरुद्ध किसी भी प्रकार की सामग्री तैयार करने या प्रसारित करने से बचें। बैठक में मौजूद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी अपने सुझाव रखे और पुलिस के साथ मिलकर जनपद में जनजागरूकता अभियान चलाने का आश्वासन दिया। अंत में पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जालौन पुलिस जनता की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।
📲Get App