🔥 TRENDING સુરતમાં કિમ-પાલોદ હાઈવે પર ટ્રાફિક જામ... Jammu & Kashmir Sets Up Expert Panel t... Former J&K Minister Prem Sagar Aziz Re... Three senior officers remain above new... Punjab CM Mann Distributes 801 Governm... Bihar: Son Attacks Father with Stick i...
03 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

सोनपुरी में जन विश्वास अभियान के शिविर में 120 आवेदनों पर कार्रवाई, बांस शिल्पी को ऋण व वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 30 Oct 2026, 07:54 PM 👁 28
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बैहर विकासखंड की ग्राम पंचायत सोनपुरी में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए 120 आवेदनों पर कार्रवाई शुरू की गई। कलेक्टर ने स्थानीय बांस शिल्पी को बैंक ऋण, कार्यस्थल और वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बैहर विकासखंड की ग्राम पंचायत सोनपुरी में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की पहल की गई। शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 120 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया संबंधित विभागों द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। कार्यक्रम में उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया, जहां स्थानीय युवाओं और उद्यमियों से स्वरोजगार के अनुभवों और संभावनाओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम, कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीणा, एसडीएम श्री अनिकेत शाण्डिल्य, ग्राम पंचायत की सरपंच, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने ग्रामीणों को पशुपालन, मुर्गीपालन और बकरीपालन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन, वनोपज और स्थानीय उत्पादों पर आधारित व्यवसाय की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कलेक्टर ने बताया कि कान्हा टाइगर रिजर्व के आसपास संचालित रिसॉर्ट और होम-स्टे में स्थानीय स्तर पर उत्पादित सब्जियां, फल एवं मशरूम उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इसके अलावा, बैगा और गोंड जनजातियों के पारंपरिक आभूषण, चित्रकला और हस्तशिल्प को बाजार से जोड़ने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और ग्रामीणों को आय के नए अवसर मिलेंगे।

उद्यम संवाद में ग्राम लहंगाकन्हार के राजकुमार धुर्वे ने पीएमएफएमई योजना के तहत 10 लाख रुपये का ऋण लेकर ग्राम पाथरी में मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की जानकारी दी। उकवा के मोहम्मद हुसैन ने बेकरी व्यवसाय शुरू करने तथा बिठली के राजेश भोंडेकर ने तेलघानी स्थापित करने की बात कही। बांस शिल्पी राजू बंजारा ने बताया कि वे बांस के फर्नीचर एवं अन्य उत्पाद तैयार कर लगभग 150 लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन से आवश्यक सहयोग मिलने पर रोजगार का दायरा बढ़ाकर 1,000 लोगों तक किया जा सकता है। इस पर कलेक्टर ने आजीविका मिशन के अधिकारी को वन विभाग से समन्वय कर राजू बंजारा का प्रकरण तैयार करने, बैंक ऋण दिलाने की कार्रवाई करने तथा बांस फर्नीचर निर्माण इकाई के लिए स्थान और वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कान्हा टाइगर रिजर्व के समीप रिसॉर्ट एवं होम-स्टे संचालित करने वाले युवाओं ने वाइल्डलाइफ टूरिज्म के माध्यम से रोजगार बढ़ाने की संभावनाएं साझा कीं। होम-स्टे संचालक ममता ने क्षेत्र में गोंड आर्ट गैलरी स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिससे गोंड जनजाति की पारंपरिक कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अवसर मिलेंगे। अर्थ फाउंडेशन एवं प्रदान संस्था के प्रतिनिधियों ने बफर जोन के विस्थापित ग्रामीणों के साथ बांस रोपण और फलोद्यान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। शिविर में कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, वन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, पशुपालन एवं जनजातीय कार्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगाई और 45 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए गए। प्राप्त आवेदनों में किसान सम्मान निधि, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, राशन पर्ची एवं समग्र आईडी में नाम जोड़ने, मुर्गीपालन के लिए ऋण तथा संबल कार्ड बनाने से संबंधित मांगें शामिल हैं।
📲Get App