🔥 TRENDING राजाखेड़ा में RSS का भव्य पथ संचलन, भार... Tripura’s Mayer Gomon Carnival to Attr... Himachal HC Scrutinises Barog High‑Ris... Summerhill Dussehra Festival Tackles D... बांदकपुर में पेट्रोल पंप विवाद: ट्रस्ट... Shimla Introduces Helicopter Link to R...
20 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली सोना-चांदी बेचकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 20 Oct 2026, 08:19 PM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

रतलाम पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से 11.80 किलो नकली सोना, 2.20 किलो नकली चांदी और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

रतलाम, 18 अक्टूबर 2026। रतलाम पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर व्यापारियों और आम लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना माणकचौक पुलिस ने गिरोह के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी और इलेक्ट्रिक तौल कांटा बरामद किया गया है।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि हरियाणा के फरीदाबाद से आए कुछ महिला-पुरुष रतलाम में नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों विवेक कुमार लाल और राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक की टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 16 अक्टूबर को फरियादी मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठगी की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी दी है। गिरफ्तार पुरुष आरोपियों में सागर पिता गणेश राठौर (29 वर्ष) और गणेश पिता गंगाराम राठौर (55 वर्ष), निवासी बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद (हरियाणा), तथा मानसिंह पिता वीरचन्द राय (36 वर्ष), निवासी सरोजनी नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.800 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण और मूर्ति, 2.200 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम चांदी के 9 सिक्के, 30,000 रुपये नकदी और एक इलेक्ट्रिक तौल कांटा बरामद किया है। मामले में थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 566/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया है।

रतलाम पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता जांचने की अपील की है। अनजान व्यक्तियों द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर कीमती धातु बेचने की पेशकश किए जाने पर सावधानी बरतने और ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान सहित माणकचौक थाने के पुलिसकर्मियों और महिला आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।
📲Get App