🔥 TRENDING એકતાનગરમાં ₹16 કરોડના ખર્ચે નવી એકતા ક... Punjab: Vigilance Bureau Files Case Ag... Children Attacked While Celebrating Du... Children Attacked During Dashahra View... Mandla’s Abkari Squad Destroys 4,000 k... FIR Filed Against Congress MLA Sohan B...
24 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Politics

रहटगांव में जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर ने किया अस्पताल, आंगनवाड़ी व तहसील का औचक निरीक्षण

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 24 Oct 2026, 12:19 PM 👁 12
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने रहटगांव और धनपाड़ा में स्वास्थ्य, शिक्षा व राजस्व विभाग के कार्यों का निरीक्षण किया।

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने रहटगांव में आयोजित जन विश्वास क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर के दौरान रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्र, तहसील कार्यालय एवं धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम टिमरनी श्री असवनराम चिरामन सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

रहटगांव में आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केन्द्र के फर्श पर बैठकर बच्चों से चर्चा की और उनसे कविताएं सुनकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने आंगनवाड़ी में टीकाकरण एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज एंट्री की जानकारी ली और कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए किए जा रहे कार्य पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को बिस्किट एवं फल भी वितरित किए। धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कैम्प का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ बैठकर योजना के लाभों की जानकारी दी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए।

तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम की अव्यवस्था देखकर प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय का निरीक्षण कर आसीएमएस में दर्ज प्रकरणों की स्थिति पर जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व मामलों से संबंधित शिकायतें सही मद में दर्ज की जाएं और प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। साथ ही उन्होंने लोक सेवा केन्द्र की कार्य व्यवस्था का भी जायजा लिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कर्मचारियों की सार्थक ऐप पर उपस्थिति की जानकारी ली और मरीजों से चर्चा की। उन्होंने रहटगांव की महिला नीलम वृंदावन की आभा आईडी तैयार करवाई और मरीजों को आयुष्मान भारत योजना के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। इसके अलावा, वन क्षेत्र होने के कारण डिलेवरी पॉइंट की स्थिति और पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती बच्चों के पोषण की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
📲Get App