🔥 TRENDING Indore Braces for Pink Cold Wave: Nigh... Knife attack on nursing student in Gwa... Fatal Bus-Truck Collision in Bhanakrot... देवरिया के रायबारी गांव में खेत में नि... सरगुजा में बस किराया बढ़ने से ग्रामीण... ધનતેરસ પહેલાં સોનું‑ચાંદીના ભાવમાં ઘટવ...
24 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

रोहिणी पुलिस का बड़ा एक्शन:दिल्ली से झारखंड तक फैले ₹60 करोड़ के हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़,7 आरोपी गिरफ्तार

✍️ Reporter: Ajaruddin 🗓 24 Oct 2026, 10:21 AM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

रोहिणी पुलिस का बड़ा एक्शन:दिल्ली से झारखंड तक फैले ₹60 करोड़ के हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़,7 आरोपी गिरफ्तार

रोहिणी पुलिस का बड़ा एक्शन:दिल्ली से झारखंड तक फैले
₹60 करोड़ के हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़,7 आरोपी गिरफ्तार

8.128 किलो हेरोइन, नकदी, तीन एसयूवी और बाइक बरामद; उत्तर प्रदेश में चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्ट्री, झारखंड में अफीम की अवैध खेती का भी खुलासा।

दिल्ली पुलिस के रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड तक फैले हेरोइन की सप्लाई और निर्माण के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, बरामद 8.128 किलोग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12,81,700 रुपये नकद, तीन एसयूवी—मारुति ग्रैंड विटारा, महिंद्रा एक्सयूवी-700 और हुंडई क्रेटा—तथा एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की। इसके अलावा हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, रसायन और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्ट्री

पुलिस के मुताबिक, नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए रोहिणी जिले में विशेष टीमें काम कर रही थीं। इसी दौरान 16 सितंबर 2026 को थाना बेगमपुर क्षेत्र के सेक्टर-32 में पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर जाल बिछाया और ग्रैंड विटारा कार से पहुंचे आरोपी लक्ष्मण हुड्डा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन और तीन लाख रुपये नकद बरामद हुए।

इसके बाद 17 सितंबर को हरियाणा के सोनीपत से अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया। उसकी महिंद्रा एक्सयूवी-700 से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, अनिल पहले भी 12 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह भलस्वा डेयरी थाने के एनडीपीएस मामले में अंतरिम जमानत के बाद जेल में आत्मसमर्पण नहीं करने के कारण घोषित अपराधी भी था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सीतापुर कॉलोनी, जानकीपुरम स्थित हेरोइन निर्माण केंद्र तक पहुंची। 4 अक्टूबर को यहां छापेमारी के दौरान आरोपी बबलू को गिरफ्तार किया गया। मौके से 6.275 किलोग्राम ताजा तैयार हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ ही 2.504 किलोग्राम सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, टब, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, पॉलीथिन और अन्य उपकरण जब्त किए गए।

बबलू से पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने निर्माण केंद्र के कथित मुख्य सप्लायर और संचालक रुकसार अली उर्फ राजू को बरेली से गिरफ्तार किया। इसके बाद 6 अक्टूबर को बरेली से ही अजाज अहमद को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वह रुकसार अली को कच्ची अफीम उपलब्ध कराता था। उसके कब्जे से 501 ग्राम हेरोइन और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद हुई।

बदायूं से झारखंड तक पहुंची पुलिस की जांच

पुलिस की जांच में अगला नाम मोहम्मद अजहर का सामने आया। उसे 16 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 551 ग्राम हेरोइन, 9,81,700 रुपये नकद और एक हुंडई क्रेटा कार बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, वह अजाज अहमद को हेरोइन और कच्ची अफीम की सप्लाई करता था।

इसके बाद जांच की कड़ी झारखंड के नक्सल प्रभावित चतरा जिले तक पहुंची। 18 अक्टूबर को पुलिस ने प्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया। उस पर पहले गिरफ्तार आरोपियों को कच्ची अफीम उपलब्ध कराने और अपनी कृषि भूमि पर अफीम की अवैध खेती में शामिल होने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी से नशे की सप्लाई चेन में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई।

सात आरोपियों की गिरफ्तारी से सप्लाई चेन का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में हेरोइन की सप्लाई करने वालों, निर्माण केंद्र के संचालक, हेरोइन तैयार करने वाले आरोपी और कच्ची अफीम उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति तक पहुंच बनाई गई है। अलग-अलग स्थानों से की गई बरामदगी और गिरफ्तारियों से नशीले पदार्थों के निर्माण एवं वितरण के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

इस पूरी कार्रवाई को रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में अंजाम दिया। टीम ने एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में कार्रवाई की। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा सप्लाई के बाकी संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए अन्य लिंक की भी पड़ताल की जा रही है।
दिल्लीपुलिस #रोहिणीपुलिस #नशातस्करी #हेरोइनतस्करी #नशामुक्तभारत #दिल्लीसमाचार
📲Get App