🔥 TRENDING સુરતમાં ચંદની પડવો પર્વે 200 ટન ઘારીનુ... District Panchayat Employee Attacked i... 16‑year‑old girl raped in Indore, vide... Indore: Man Arrested in Tiger Shroff C... Veteran Sodha Family Member Thakur Pad... Nine Barmer Tehsils Declared Criticall...
25 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पंचायत आम चुनाव-2026 मतदान केंद्रों के रूप में निर्धारित शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित

✍️ Reporter: Suraj Poswal 🗓 25 Oct 2026, 06:38 PM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
पंचायत आम चुनाव-2026

मतदान केंद्रों के रूप में निर्धारित शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित

* द्वितीय चरण के लिए 27 से 31 अक्टूबर तथा तृतीय चरण के लिए 2 से 6 नवंबर तक संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों में रहेगा अवकाश

दौसा, 25 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव-2026 के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए मतदान दलों के आवागमन एवं ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के रूप में निर्धारित विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही, मतगणना स्थल पर भी मतगणना के दिन अवकाश घोषित किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार पंचायत आम चुनाव के द्वितीय एवं तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान, पंच एवं सरपंच के नाम निर्देशन, मतदान तथा मतगणना सहित निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न कार्य संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान मतदान दलों के संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचने, ठहरने तथा निर्वाचन कार्य पूरा होने के बाद वापस लौटने तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

आदेश के अनुसार द्वितीय चरण के चुनाव के तहत पंचायत समिति महवा, मंडावर, मनोहरपुर खेडला, बसवा, बांदीकुई एवं बैजूपाड़ा में मतदान दलों के पहुंचने की तिथि 27 अक्टूबर से चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तिथि 31 अक्टूबर तक संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। इसी प्रकार तृतीय चरण के चुनाव के तहत पंचायत समिति सिकराय, सिकंदरा, दौसा, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा एवं लालसोट में मतदान दलों के पहुंचने की तिथि 2 नवंबर से चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तिथि 6 नवंबर तक अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त, 20 नवंबर को मतगणना स्थल पंडित नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दौसा में भी अवकाश घोषित किया गया है।

आदेश में संबंधित संस्थान प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि वे मतदान दलों के पहुंचने से लेकर उनकी वापसी तक उनके ठहरने, आवागमन एवं निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक सुविधाएं, फर्नीचर आदि उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
📲Get App