🔥 TRENDING Counterview Flags Patronage Threat to... Dewas Tops Swachh Survekshan Among 50k... Congress Leader Abbas Hafiz Sends Lega... The Diplomat Publishes Analysis on Gro... Indore hosts muhurat market deals and... Sonia Gandhi Reflects on Personal Love...
12 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

नकली अदालत, फर्जी जज और वकील. डिजिटल अरेस्ट कर रिटायर्ड महिला टीचर से 1.23 करोड़ की ठगी

✍️ Reporter: Dinkar Kumar Mahara 🗓 12 Nov 2026, 08:25 AM 👁 15
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
हरियाणा के कैथल में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड महिला टीचर को डिजिटल अरेस्ट कर 1 करोड़ 23 लाख रुपए की ठगी कर ली. आरोपियों ने पांच दिन तक महिला को वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर डराकर रखा.

इस दौरान फर्जी पुलिस अधिकारी, नकली वकील और जज बनकर वीडियो कॉल पर ही अदालत लगा दी. महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाया और निर्दोष साबित होने के बाद पूरी रकम लौटाने का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए.

पुलिस अधिकारी बनकर किया फोन

पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड महिला टीचर वेद कुमारी ने बताया कि 3 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी. कॉल करने वाले ने कहा कि उनके नाम से केनरा बैंक में खाता खुला हुआ है, जिसमें करोड़ों रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ है. इसके बाद 4 नवंबर को उनके वॉट्सऐप पर दोबारा कॉल आई. इस बार आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी विजय खन्ना बताया.

उसने महिला को कहा कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है. इसके साथ ही सरकारी मुहर लगा एक फर्जी गिरफ्तारी वारंट भी भेज दिया. आरोपियों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट करने की बात कही और हिदायत दी कि वह लगातार कैमरे के सामने रहें और किसी दूसरे व्यक्ति से इस बारे में बात न करें.

वॉट्सऐप पर लगाई फर्जी अदालत

5 नवंबर को ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए महिला की अदालत में पेशी करवाई. इस दौरान एक व्यक्ति राहुल गर्ग वकील बनकर महिला की तरफ से बहस करने लगा. इसके बाद नकली जज ने फैसला सुनाते हुए कहा कि महिला को अपनी पूरी रकम सरकारी बैंक खाते में जमा करवानी होगी. जांच में निर्दोष पाए जाने पर 3 से 4 दिन के भीतर उनकी पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. ठगों ने महिला को भरोसा दिलाने के लिए सरकारी खाते में रकम जमा होने की फर्जी रसीद भी भेजी. इससे महिला को लगा कि वास्तव में उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई चल रही है और पैसे जमा कराने से वह इस मामले से बाहर निकल सकती हैं.

FD तुड़वाई, किसान विकास पत्र भी भुनाए

आरोपियों के झांसे में आकर महिला ने सबसे पहले एचडीएफसी बैंक में अपनी एफडी समय से पहले तुड़वाई. इसके बाद 33 लाख रुपए का चेक बनवाकर आरटीजीएस के जरिए ठगों के बताए खाते में भेज दिए. 6 नवंबर को फिर वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर अदालत की सुनवाई हुई. इस बार भी वही फर्जी वकील महिला की तरफ से पेश हुआ. नकली जज ने महिला को अपने सभी बैंक खातों और एफडी में जमा रकम सरकारी खाते में ट्रांसफर करने का आदेश दिया.

इसके बाद महिला ने डाकघर में जमा करीब 90 लाख रुपए के 28 किसान विकास पत्रों की रकम अपने एसबीआई खाते में ट्रांसफर करवाई. 7 नवंबर को आरोपियों ने इसमें से 50 लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए अपने बताए खाते में ट्रांसफर करवा लिए. इसके बाद 40 लाख रुपए एक अन्य खाते में भेजने को कहा. महिला ने जब रकम जमा होने की रसीद मांगी तो आरोपियों ने बाद में भेजने की बात कही.

बेटे के घर पहुंचने पर खुला ठगी का राज

इस तरह साइबर ठगों ने रिटायर्ड महिला टीचर से कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपए ठग लिए. 8 नवंबर को जब उनका बेटा घर पहुंचा तो महिला ने उसे पूरी घटना बताई. बेटे को शक हुआ और उसने आरोपियों से बात की. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ कि महिला के साथ साइबर ठगी हुई है. परिवार ने तुरंत साइबर थाना कैथल में शिकायत दर्ज कराई.

डीएसपी रमेश चंद्र ने बताया कि रिटायर्ड महिला टीचर की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है. उन्होंने बताया कि महिला अपने बेटे और बहू के साथ रहती है. घटना के दौरान दोनों अपने बिजनेस के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे.
📲Get App