🔥 TRENDING केरेडारी: एनटीपीसी एमडीओ बीजी आर इंफ्र... VisionQuest Tops OTT Releases This Wee... Akka to Debut on OTT: Release Date and... Jailer 2 Release: Fans Rise at 4:30 AM... Anil Kapoor and Rohit Sharma laud Abhi... SS Rajamouli praises Ranbir Kapoor’s ‘...
18 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

मैनपुरी में धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, शहर भक्ति और उल्लास में डूबा

✍️ Reporter: शैलेष गुप्ता महाजन 🗓 18 Oct 2026, 01:40 AM 👁 23
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मैनपुरी शहर मंगलवार शाम आस्था, भक्ति और उल्लास के अद्भुत संगम का गवाह बना, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात अत्यंत धूमधाम के साथ निकाली गई। बैंड-बाजों की धुनें और भक्ति गीतों ने पूरे माहौल को राममय कर दिया।

मैनपुरी। मंगलवार की शाम आस्था, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात अत्यंत धूमधाम के साथ निकाली गई। शहर की सड़कों पर गूंजती बैंड-बाजों की मधुर धुनों और भक्ति गीतों ने पूरे माहौल को राममय बना दिया। दूल्हा बने भगवान श्रीराम और उनके भाइयों के दिव्य स्वरूपों के दर्शन करने के लिए सड़कों के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में बारात का शुभारंभ पुरानी मैनपुरी स्थित महाराजा तेजसिंह किला परिसर के रानी साहिबा मंदिर से हुआ। यहां आचार्य पंडित शील नामाचार्य ने विधि-विधान से पूजन कराया और कमेटी अध्यक्ष महेश चंद्र अग्निहोत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मंत्री सुरेशचंद्र बंसल बीनू व कोषाध्यक्ष अशोक गुप्ता पप्पू ने भगवान की आरती उतारी। इसके पश्चात घोड़ों पर सवार होकर चारों भाइयों के स्वरूपों ने श्री दाऊजी महाराज मंदिर में दर्शन किए, जिसके बाद सिंहासन पर सवार होकर बारात गंतव्य के लिए आगे बढ़ी।

इस ऐतिहासिक बारात में फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, कासगंज और मैनपुरी सहित विभिन्न जिलों से आई 100 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। धार्मिक प्रसंगों पर आधारित इन सुंदर झांकियों और काली अखाड़े के कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बारात के स्वागत के लिए नगरवासियों ने अपने घरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया, बाहर सुंदर रंगोलियां बनाईं और जगह-जगह दीप जलाकर बारात पर पुष्पवर्षा की।

यह भव्य बारात मदार दरवाजा, लाल मठिया, घंटाघर चौक, लेनगंज, सदर बाजार और बड़ा चौराहा से होते हुए कचहरी रोड स्थित जनकपुरी पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया। इस आयोजन के दौरान समिति के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

मेला और बारात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा पुलिस बल के साथ लगातार गश्त करते नजर आए। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के तहत क्षेत्र में भारी मात्रा में महिला और पुरुष पुलिस बल को तैनात किया गया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सतर्कता से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
📲Get App