🔥 TRENDING All ਭਾਖੜਾ ਨਹਿਰ ਤੇ ਪੁਲ ਡਿੱਗਿਆ Arunachal Officials Raise Infrastructu... National Conference on Emerging Techno... Jammu & Kashmir Polytechnics to Commen... J&K Police Attach 122 Properties in 20...
19 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

लालू जी ने सिर्फ सरकार नहीं बनाई, एक पूरी राजनीतिक पीढ़ी बनाई - वही पीढ़ी आज बिहार की सत्ता में है

✍️ Reporter: Satveer Singh 🗓 19 Nov 2026, 02:15 PM 👁 22
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
बिहार की राजनीति में सत्ता का खेल चलता रहता है। कभी लालू, कभी नीतीश, कभी सम्राट। कभी महागठबंधन, कभी एनडीए। लेकिन इन सबके बीच एक सवाल बार-बार उठता है - आज भाजपा और जदयू के पास अति-पिछड़ा और दलित चेहरा कहां से आया? इस सवाल का जवाब किसी चुनावी रैली में नहीं, बिहार के राजनीतिक इतिहास में छिपा है।

1990 से पहले बिहार में अतिपिछड़े और दलित समाज के लोग मुख्य रूप से वोट की गिनती में आते थे। 1990 में जब आदरणीय श्री Lalu Prasad Yadav जी मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने इस परंपरा को तोड़ा। उन्होंने इन वर्गों के नेताओं को सिर्फ माला नहीं पहनाई, कुर्सी दी। विधायक बनाया, मंत्री बनाया, सांसद बनाया, MLC बनाया। 1990 से 2005 तक का यही दौर बिहार की राजनीति की असली पाठशाला बना। आज उसी पाठशाला के विद्यार्थी भाजपा-जदयू की सरकार चला रहे हैं।

बिजेंद्र प्रसाद यादव 1990 में पहली बार जनता दल से सुपौल से विधायक बने और 1991-95 में लालू सरकार में ऊर्जा राज्य मंत्री रहे, आज NDA सरकार में वित्त मंत्री हैं और 1990 से लगातार नौ बार सुपौल से जीत चुके हैं। पूर्णमासी राम 1990 में बगहा से विधायक बने, 1991-94 भवन निर्माण, 1995 सहकारिता और 1997-2003 तक खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे, बाद में JDU से गोपालगंज के सांसद बने, 25 फरवरी 2026 को पटना में उनका निधन हुआ। सीताराम यादव लालू-राबड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे, सीतामढ़ी से सांसद रहे, बाद में BJP में शामिल हुए।

सम्राट चौधरी ने 1990 में RJD से ही राजनीति शुरू की, 1999 में राबड़ी सरकार में मंत्री बने, JDU होते हुए 2017 में BJP में आए, आज बिहार में BJP के मुख्यमंत्री हैं। रामकृपाल यादव RJD के संस्थापक सदस्यों में गिने जाते थे, तीन बार RJD से सांसद रहे, लालू जी के हनुमान कहलाते थे, 2014 में BJP में गए, केंद्र में मंत्री बने, आज बिहार सरकार में मंत्री हैं। अर्जुन राय ने 2000 में पहली बार RJD के टिकट पर औराई से चुनाव लड़ा, JDU में विधायक, मंत्री, सांसद बने, फिर RJD में लौटे, जुलाई 2026 में BJP में शामिल हुए। ऋतु जायसवाल को प्रदेश स्तर पर पहचान तेजस्वी यादव के नेतृत्व में RJD में मिली, प्रदेश प्रवक्ता और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रहीं, 2020 में परिहार, 2024 में शिवहर से RJD की उम्मीदवार रहीं, 2026 में BJP में शामिल हुईं।

प्रो. रामवचन राय जी पटना विश्वविद्यालय में प्रोफेसर थे, लालू जी के थिंक टैंक में गिने जाते थे, 2004 में लालू जी ने ही RJD से पहली बार MLC बनाया, आज JDU से बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हैं, वह जीवित हैं और सक्रिय हैं। गुलाम गौस RJD से तीन बार MLC रहे, 2005-2010 तक विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष रहे, 2014 में JDU में गए, आज भी JDU के MLC हैं। बुलो मंडल ने शुरुआत RJD से की, 2014 में RJD से भागलपुर के सांसद बने, BJP के शाहनवाज हुसैन को हराया था, उनकी पत्नी वर्षा रानी 2015 में RJD के टिकट पर बिहपुर से विधायक बनीं, BJP को 12,716 वोट से हराया था, आज बुलो मंडल JDU से NDA सरकार में मंत्री हैं।

श्याम रजक 1995 में RJD से विधायक बने, राबड़ी सरकार में मंत्री रहे, आज JDU में हैं। उमेश कुशवाहा ने 2005 में पहला चुनाव RJD के टिकट पर लड़ा, आज JDU के प्रदेश अध्यक्ष हैं। संजय जायसवाल ने फरवरी 2005 में बेतिया से RJD के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, बाद में BJP में आए, सांसद बने और BJP बिहार के प्रदेश अध्यक्ष रहे। नागमणि कुशवाहा 1999 में RJD के टिकट पर चतरा से सांसद बने, बाद में NDA में गए, केंद्र में मंत्री बने, 2025 में फिर BJP में शामिल हुए।

आज़ाद गांधी भी इसी पाठशाला के हैं। 2002 में RJD के टिकट पर पटना स्नातक से MLC बने, लालू जी के समर्थन से JDU के नीरज कुमार को हराया था। 2020 में भी RJD से ही पटना स्नातक से लड़े। आज वह BJP में शामिल हो गए हैं और BJP का ही राग अलाप रहे हैं।

भगवान सिंह कुशवाहा आज अपनी ओछी बयानबाजी से चर्चा में हैं, पर उनकी राजनीति भी इसी मिट्टी से निकली है। उन्होंने 1990 में IPF, भाकपा-माले के टिकट पर जगदीशपुर से पहली बार विधायक बनकर राजनीति शुरू की, 1993 में शरद यादव से प्रेरित होकर जनता दल में आए, फिर समता पार्टी और JDU में गए, 2007 से 2010 तक नीतीश सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रहे। जब JDU ने उन्हें किनारे किया, तो लालू जी ने ही उन्हें RJD में जगह दी, RJD के प्रदेश महासचिव बनाया और 2014 में आरा लोकसभा से RJD का टिकट दिया। बाद में वे रालोसपा, जन अधिकार पार्टी, LJP होते हुए फिर JDU में लौटे, 2024 में JDU से MLC बने, 2025 में जगदीशपुर से विधायक बने और आज सम्राट चौधरी सरकार में JDU कोटे से योजना एवं विकास मंत्री हैं। आज वही भगवान सिंह कुशवाहा कभी कहते हैं - हत्याएं होती रहती हैं, इतना बड़ा बिहार है, कभी यादव समाज पर ओछी टिप्पणी करते हैं, तो कभी नीतीश कुमार को ईश्वर बताते हैं कि धरती पर हैं तो ईश्वर हैं, नहीं रहेंगे तो भगवान हो जाएंगे।

डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह की राजनीति भी इसी पाठशाला से निकली है। वह विधायक से स्वास्थ्य राज्य मंत्री बने, फिर मोतिहारी से लोकसभा सांसद बने, फिर केंद्र में कृषि राज्य मंत्री बने। बाद में वे कांग्रेस से राज्यसभा सांसद बने। इस बात की पुष्टि लालू जी ने एक कार्यक्रम में अखिलेश सिंह की उपस्थिति में स्वयं मंच से की थी कि यह सब लालू जी के हस्तक्षेप से ही हुआ था। वे बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के दो अर्थ हैं। पहला अर्थ यह है कि लालू यादव की सामाजिक न्याय की राजनीति ने बिहार में एक ऐसा सामाजिक ढांचा बना दिया, जिसे बाद की कोई सरकार तोड़ नहीं सकी, आज BJP को भी उसी एजेंडे पर चलना पड़ रहा है। दूसरा अर्थ यह है कि नेताओं का दल-बदल विचारधारा से ज्यादा सत्ता और अवसर से जुड़ा रहा, कई नेता RJD से JDU-BJP में गए, पर उनके साथ उनका सामाजिक आधार भी गया, जिसका लाभ नई पार्टी को मिला।

लेकिन एक तथ्य से इनकार नहीं किया जा सकता। 1990-2005 में तैयार हुई पीढ़ी आज भी बिहार की सत्ता के केंद्र में है, भले ही उसका झंडा बदल गया हो। बिहार में सत्ता का चेहरा भले ही BJP-JDU का हो, लेकिन उस चेहरे के पीछे खड़ी पीढ़ी की राजनीतिक शुरुआत लालू प्रसाद यादव के दौर में हुई थी।

लालू जी ने सिर्फ सरकार नहीं बनाई, उन्होंने एक पूरी राजनीतिक पीढ़ी बनाई। और यही उनकी राजनीति की सबसे बड़ी विरासत है।

जय सामाजिक न्याय, जय बिहार

राजनीतिक विश्लेषण

यह लेख केवल भावना पर नहीं, तथ्यों, शोध और अध्ययन पर लिखा गया है। इस विषय पर कई वरिष्ठ राजनेताओं से चर्चा करके, उनके अनुभवों और बिहार के राजनीतिक इतिहास का अध्ययन करके इसे तैयार किया गया है।
📲Get App