Local
कार्तिक पूर्णिमा पर पचनद मेले की सुरक्षा व्यवस्था का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
पचनद मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग और ड्रोन से होगी निगरानी
जालौन। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पांच नदियों के पवित्र संगम स्थल पचनद पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पचनद मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जालौन समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने पचनद संगम पहुंचकर मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्नान घाटों सहित मेला क्षेत्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्नान घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिगत मजबूत बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों, नावों एवं जल पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, निर्धारित पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने तथा रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संपूर्ण मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिनव यादव, क्षेत्राधिकारी अंबुज, थानाध्यक्ष रामपुरा कृष्णपाल सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।