राजनीति
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने थामा भाजपा का दामन, जालौन की राजनीति में हलचल
यहाँ देखें:
📘 Facebook
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने से जालौन की सियासत में हलचल, राजनीतिक समीकरण बदलने के आसार
उरई (जालौन)। जनपद जालौन की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। कालपी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। अमेठी के गौरीगंज में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने विनोद चतुर्वेदी समेत तीन विधायकों को पार्टी में शामिल कराया। समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने विनोद चतुर्वेदी को भगवा पटका पहनाकर भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया। इस राजनीतिक घटनाक्रम को जालौन जिले की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने से कालपी विधानसभा क्षेत्र में भी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समारोह में जुटे भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सदस्यता ग्रहण समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के चलते पंडाल में भारी भीड़ रही। टोल फ्री नंबर पर फोन कर ली सदस्यता कार्यक्रम के दौरान विनोद चतुर्वेदी समेत तीनों विधायकों ने भाजपा के टोल फ्री नंबर पर फोन करके पार्टी की औपचारिक सदस्यता भी ग्रहण की। इस प्रक्रिया के पूरा होने के साथ ही उनके भाजपा में शामिल होने की औपचारिकता पूरी हो गई। विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने के बाद जालौन जिले की राजनीति में इस घटनाक्रम के संभावित प्रभावों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आने वाले समय में इसका असर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर किस तरह पड़ेगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।