🔥 TRENDING Kanak to Host Nila’s Two-Day Culinary... Odisha’s Annual Mutton Demand Reaches... સુરેન્દ્રનગર LCBએ ધાંગધ્રા ના જેગડવા ગ... President Draupadi Murmu to inaugurate... 26 નવેમ્બર 2026 ના રોજ બાંધીરાણ દિવસ ઉ... Retrenched power‑distribution workers...
25 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Agriculture

जिले में एफएफएस ऐप से उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू यूरिया एवं डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को समय पर मिल रहे उर्वरक

✍️ Reporter: Yash karyani 🗓 25 Nov 2026, 09:10 PM 👁 19
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
हनुमानगढ़, 25 नवंबर। रबी फसल 2026-27 के दौरान किसानों को यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों का पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार बुधवार से जिले में एफएफएस (Framework for Fertilizer Sales) ऐप आधारित उर्वरक वितरण व्यवस्था लागू कर दी गई है। जिले में उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को एफएफएस ऐप के जरिए यूरिया एवं डीएपी का वितरण शुरू कर दिया गया है।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) श्रीमती यशवन्ती ने बताया कि वर्ष 2026-27 में खरीफ एवं रबी फसलों के बुवाई क्षेत्र के अनुसार जिले की कुल उर्वरक मांग 1 लाख 85 हजार मीट्रिक टन यूरिया एवं 72 हजार मीट्रिक टन डीएपी निर्धारित की गई है। जिले में खरीफ सीजन के दौरान कुल 7 लाख 39 हजार 328 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई है। वहीं, रबी सीजन 2026-27 में 7 लाख 37 हजार हेक्टेयर के अनुमानित बुवाई क्षेत्र के विरुद्ध अब तक 3 लाख 67 हजार 962 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी है। इसमें 1 लाख 78 हजार 500 हेक्टेयर में सरसों, 71 हजार 800 हेक्टेयर में चना, 99 हजार 300 हेक्टेयर में गेहूं तथा 15 हजार 500 हेक्टेयर में जौ की बुवाई हुई है। रबी फसलों की बुवाई अभी जारी है तथा आगामी दिनों में बुवाई का क्षेत्रफल और बढ़ने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि जिले में खरीफ एवं रबी सीजन के दौरान अब तक कुल 1 लाख 24 हजार 262 मीट्रिक टन यूरिया तथा 49 हजार 917 मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति हो चुकी है। जिले की कुल मांग के अनुसार 60 हजार 700 मीट्रिक टन यूरिया तथा 22 हजार मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति होना शेष है, जो रबी सीजन के दौरान हो जाएगी। वर्तमान में जिले में 22 हजार 448 मीट्रिक टन यूरिया एवं 4 हजार 253 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। राज्य सरकार द्वारा जिले की आवश्यकता एवं मांग के अनुरूप निरंतर उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि किसानों का ध्यान रबी फसलों की बुवाई की ओर केंद्रित होने से उर्वरकों की मांग एवं बिक्री में अचानक वृद्धि हुई है। वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई चरम पर है। किसान बीज खरीद के साथ ही उर्वरक भी खरीदकर ले जा रहे हैं, ताकि उन्हें बार-बार बाजार नहीं आना पड़े और अनावश्यक किराया खर्च न करना पड़े। इसके बावजूद राज्य सरकार एवं कृषि विभाग द्वारा जिले की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इससे किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार उर्वरक उपलब्ध हो रहे हैं।

जिले के आदान निरीक्षकों द्वारा कृषि आदान विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण एवं उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। अब तक किसी भी क्षेत्र में उर्वरकों की कालाबाजारी अथवा औद्योगिक डायवर्जन से संबंधित अनियमितता की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

एफएफएस प्रणाली लागू करने का मुख्य उद्देश्य अनुदानित उर्वरकों का वितरण वास्तविक किसानों तक सुनिश्चित करना तथा उर्वरकों की कालाबाजारी, अनावश्यक भंडारण, औद्योगिक डायवर्जन एवं अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। एग्रीस्टैक आधारित फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों की उर्वरक बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया गया है। इससे उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण की ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी संभव होगी।

संयुक्त निदेशक ने समस्त सहायक निदेशक कृषि (विस्तार), सहायक कृषि अधिकारियों एवं कृषि पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में एफएफएस प्रणाली के सुचारू संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा किसानों एवं उर्वरक विक्रेताओं को नई व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करें।

उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि एफएफएस ऐप के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही उर्वरकों का विक्रय एवं वितरण करें तथा स्टॉक एवं बिक्री संबंधी अभिलेखों का नियमानुसार संधारण सुनिश्चित करें।
📲Get App