🔥 TRENDING ગુજરાતમાં 25 ઔદ્યોગિક એકમોને પ્રોત્સાહ... फतेहाबाद: नशा और अपराध की घटनाओं से चि... ਚੱਲਦੀ ਇਲੈਕਟ੍ਰਿਕ ਕਾਰ ''ਚ ਬਣੀ ਅੱਗ ਦਾ ਗੋਲ... चार दिनों से लापता व्यक्ति की तलाश जार... Tukaram Mundhe-led panel to probe MPSC... Yogi Adityanath treads cautiously as U...
13 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

इंदौर में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 13 Oct 2026, 09:37 AM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के फील्ड कार्य की तैयारियों के तहत इंदौर जिले में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 से 15 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रपत्र भरने, नियमों और जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।

इंदौर, 12 अक्टूबर 2026: जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनगणना के फील्ड कार्य की तैयारियों के तहत इंदौर जिले में जनगणना से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारंभ हुआ। यह चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव तथा संयुक्त संचालक, योजना एवं सांख्यिकी श्री प्रेमचंद परस्ते सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक श्रीमती प्रेमा नायर एवं श्री सूरज दीपक बड़गे द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के विभिन्न प्रपत्रों को सही तरीके से भरने, निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का पालन करने तथा जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। इसके माध्यम से कर्मियों को जनसंख्या गणना के दौरान अपनाई जाने वाली निर्धारित कार्यप्रणाली, सूचनाओं के संकलन और अभिलेखन के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि आगामी फील्ड कार्य व्यवस्थित, त्रुटिरहित एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न हो सकें।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज 12 अक्टूबर एवं 13 अक्टूबर को जिला मुख्यालय, ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी बोर्ड चार्ज से संबंधित जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, 14 एवं 15 अक्टूबर को नगर निगम इंदौर के जनगणना कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:15 बजे तक प्रशासनिक संकुल इंदौर के सभागार कक्ष क्रमांक-210 में आयोजित किया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
📲Get App