Sports
इटावा में 28वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का समापन, इटावा की महिला-पुरुष टीमें बनीं विजेता
Watch on:
▶️ YouTube
एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने विजेता-उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम, इटावा में आयोजित कानपुर जोन की 28वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में जनपद इटावा की महिला एवं पुरुष पुलिस टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं जनपद जालौन की महिला टीम उपविजेता रही, जबकि जनपद कानपुर नगर की पुरुष टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर एडीजी ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों और पुलिस अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।