सरकारी योजना
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन, मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
“जनता की समस्या का समाधान और अंतिम व्यक्ति तक शासन का संबल पहुंचाना ही सुशासन का उद्देश्य है।”
गोरखपुर। आमजन की पीड़ा सुनना, उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना और शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही जनता दर्शन का मूल उद्देश्य है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनकी शिकायतों के समयबद्ध एवं त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लोगों को शासन की सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। जनता दर्शन के दौरान लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने सभी को समाधान का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।