🔥 TRENDING मानपुर थाना पुलिस की कार्रवाई, 10 साल... માંડવી નગરજનો ના હિત માં રાષ્ટ્રીય દલિ... सोशल मिडिया पर पोस्ट किया ISRO completes final checks for joint... श्रीबाबू के 139वीं जयंती के राज्यसभा स... WhatsApp launches custom chat filter t...
15 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
फर्रुखाबाद: पुलिस ने महिला समेत दो शातिर चोरों को दबोचा, 10 लाख के जेवर और नकदी बरामद
Crime

फर्रुखाबाद: पुलिस ने महिला समेत दो शातिर चोरों को दबोचा, 10 लाख के जेवर और नकदी बरामद

✍️ Reporter: शैलेष गुप्ता महाजन 🗓 15 Oct 2026, 04:08 PM 👁 15
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

फर्रुखाबाद पुलिस ने चोरी की छह घटनाओं का खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है।

जनपद फर्रुखाबाद में अपराध नियंत्रण की दिशा में फतेहगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में पिछले करीब एक वर्ष से चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने सर्विलांस की मदद से यह कार्रवाई की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी का सामान बेचने के लिए कन्नौज जाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर याकूतगंज चौकी प्रभारी विनोद कुमार, कर्नलगंज चौकी प्रभारी मूलेंद्र सिंह और सर्विलांस टीम ने याकूतगंज रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की। शाम सात बजे की ट्रेन छूटने के बाद अगली ट्रेन का इंतजार कर रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों के पास से 10,180 रुपये नकद, सिक्के और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में सोने की तीन चैन, चार अंगूठी, तीन जोड़ी टॉप्स, मंगलसूत्र, टीका, लॉकेट, झुमकी, बाली, कुंडल, 6 जोड़ी पायल, बिछिया और आर्टिफिशियल हार शामिल हैं। आरोपियों की पहचान जनपद हरदोई के थाना हरियावां के गांव अरुआ निवासी सर्वेश और उसकी महिला साथी के रूप में हुई है। आरोपी सर्वेश के खिलाफ विभिन्न थानों में 28 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसकी महिला साथी के खिलाफ भी 6 मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई छह अलग-अलग चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया है। इनमें भखरामऊ स्थित अधिवक्ता के घर, गीतापुरम, लोको रोड रेलवे आवास, कासिमबाग और मोहल्ला हाथीखाना में हाल ही में हुई चोरियां शामिल हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
📲Get App