एसपी ने दी चेतावनी: जिले में जुआ और सट्टा चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
अशोकनगर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही इलाके में जुए की फड़ सजने लगी हैं। ऐसे ही एक फड़ पर पुलिस ने कार्रवाई की है। देहात थाना पुलिस ने ग्राम बमनाई हवेली में मंदिर के चबूतरे के पास चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश दी। पुलिस ने यहां हार-जीत का दांव लगाते पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 8500 रुपये नकद जब्त किए हैं। अशोकनगर। पुलिस गिरफ्त में आरोपी। थाना प्रभारी आकाश शर्मा के नेतृत्व में हुई इस छापामार कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों की पहचान बमनाई हवेली निवासी देवेंद्र यादव, कृष्णपाल यादव, संजीव अहिरवार, राजू यादव और शहर की नहर कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र वंशकार के रूप में हुई है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी है कि जिले में जुआ और सट्टा चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।