🔥 TRENDING Cyclone Akvan sweeps across North Andh... Andhra Pradesh Proposes Investment Pro... Naidu urges coalition partners to back... RailTel awarded ₹27 crore contract to... Gujarat’s Night Temperatures Expected... President Murmu Condoles Seven Fatalit...
22 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Religion

बड़वाह में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर श्रद्धा और उत्साह से निकला भव्य नगर कीर्तन

✍️ Reporter: Rajkumar Kaithwas 🗓 22 Nov 2026, 06:20 PM 👁 20
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
बड़वाह : सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व 24 नवंबर के पावन अवसर पर बड़वाह में चल रहे धार्मिक आयोजनों के तहत रविवार 22 नवंबर को शहर में भव्य और अलौकिक नगर कीर्तन निकाला गया। इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की।

पंच प्यारों की अगुवाई और पालकी साहिब का स्वागत

श्री गुरु सिंघ सभा समिति के अध्यक्ष सरदार सुरेंद्र सिंह भाटिया, सचिवद्वय सरदार परविंदर सिंह एवं सरदार गुलबीर सिंह भाटिया और मीडिया प्रभारी सरदार सतविंदर सिंह ने बताया कि नगर कीर्तन का शुभारंभ मुख्य गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित 'पंच प्यारों' ने कीर्तन की अगुवाई की, जिनके पीछे सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान थे। पालकी साहिब के आगे सेवादारों की टोलियां सड़कों की सफाई करते हुए फूलों की वर्षा करती चल रही थीं।
प्रथम बार स्थानीय बच्चों ने दिखाया गतका का जौहर
नगर कीर्तन के दौरान कीर्तनी समूहों ने मधुर शबद-कीर्तन किया और 'सतनाम श्री वाहेगुरु' के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस वर्ष आयोजन का मुख्य आकर्षण बड़वाह के स्थानीय बच्चों—अवनीत सिंह, गुरनेक सिंह, जसकीरत सिंह और सुखनीत कौर के नेतृत्व में गतका पार्टियों द्वारा प्रस्तुत की गई हैरतअंगेज शस्त्र कला और शारीरिक करतब रहे, जिसने नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांप्रदायिक सौहार्द और जनभागीदारी की दिखी मिसाल

शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर और पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए चाय, मिठाई, फल और जलपान के स्टॉल लगाए गए। विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने नगर में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की।

प्रभात फेरी का समापन और मुख्य पर्व की तैयारी

इससे पूर्व 13 से 21 नवंबर तक 9 दिवसीय प्रभात फेरी निकाली गई थी, जिसका शनिवार को समापन हुआ। रविवार देर शाम नगर कीर्तन वापस मुख्य गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ, जहां गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए गए थे। अब मंगलवार, 24 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा को गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ की समाप्ति, विशेष कीर्तन दरबार और लंगर के साथ मुख्य प्रकाश पर्व मनाया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में सरदार गुरबक्श सिंह, सरदार जितेंदर सिंह, सरदार रविंदर सिंह, सरदार अरविंद सिंह, सरदार रघुबीर सिंह, सरदार सुरजीत सिंह, सरदार इकबाल सिंह और सरदार मोहन सिंह सहित समस्त सिख संगत का विशेष सहयोग रहा।
📲Get App