🔥 ट्रेंडिंग कर्णिक दीपम रीति-रिवाज विवाद में तमिलन... कल्लाकुरीचे टीवीके विधायक के खिलाफ आईए... तमिलनाडु BJP प्रमुख ने दीपम विवाद में... अयारन नारोला ने फो4 भारतीय चैम्पियनशिप... मध्य प्रदेश बनाम हिमाचल SMAT 2026 लाइव... सैनिक केंद्रीय कमांड के आधे मैराथन में...
24 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

भिवाड़ी में वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा, CAQM अध्यक्ष ने ली बैठक

✍️ रिपोर्टर: Hira Lal Bhoorani 🗓 24 नव. 2026, 08:24 PM 👁 16
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
भिवाड़ी में वायु प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा, CAQM अध्यक्ष ने ली बैठक

खैरथल हीरालाल भूरानी

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को बीड़ा मीटिंग हॉल में भिवाड़ी की वायु गुणवत्ता एवं प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के तकनीकी सदस्य डॉ. एस. डी. अत्री, जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती पूनम, पर्यावरण विभाग की सचिव श्रीमती शैलजा देवड़ा, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव श्री कपिल चंद्रावल, जिला कलेक्टर, बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी तथा नगर परिषद, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला रसद अधिकारी, रीको एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
आयोग अध्यक्ष ने नगर परिषद एवं रीको औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों, सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन तथा निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का स्थलीय निरीक्षण भी किया एवं निर्माण एवं विकास कार्यों में धूल नियंत्रण हेतु अपनाए जा रहे उपायों की समीक्षा की।
बैठक में सड़क धूल नियंत्रण के लिए सड़कों की मरम्मत एवं सफाई कार्यों में तेजी लाने तथा मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों, वाटर स्प्रिंकलर एवं एंटी-स्मॉग गन का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रीको एवं नगर परिषद को अपने सभी निर्माण एवं विकास कार्यों में धूल नियंत्रण के आवश्यक उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद को बायोमास एवं खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमों का गठन करने तथा 500 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाले निर्माण स्थलों की निगरानी करने को कहा गया। वहीं, रीको को सड़क पुनर्विकास कार्यों में एंड-टू-एंड पक्की सड़क एवं हरित पट्टी विकसित करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रीको एवं नगर परिषद को चिह्नित हॉटस्पॉट्स पर प्रभावी निगरानी हेतु वरिष्ठ स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने बाबत निर्देशित किया।
वाहन प्रदूषण नियंत्रण के लिए 'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' निर्देश की शत-प्रतिशत पालना, पेट्रोल एवं सीएनजी पंपों पर ANPR कैमरे लगाने तथा पुराने प्रदूषणकारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। साथ ही, 'परिवर्तन' योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित उत्सर्जन मानकों की पालना, वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों एवं ऑनलाइन सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली का नियमित संचालन तथा स्टोन क्रशर इकाइयों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट के प्रसंस्करण तथा पुराने कचरे के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आगामी वर्ष के लिए एक व्यापक, महत्वाकांक्षी एवं परिणामोन्मुखी जिला कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिसमें वायु गुणवत्ता में ठोस एवं मापनीय सुधार के स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ उनके लिए विभागवार जिम्मेदारियां, समयसीमा एवं प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
आयोग अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय से कार्य करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा नियमित निगरानी एवं समीक्षा के माध्यम से भिवाड़ी की वायु गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
📲Get App