🔥 ट्रेंडिंग भोपाल‑जबलपुर में रातें 15°C से भी ठंडी ਬਰਨਾਲਾ ਦੇ ਨਵੇਂ DC वडाला, मुंबई में सिलिंडर फटने से लगी आ... 1905 में खोजे गए कूटिल्य के अर्थशास्त्... उttar Pradesh में 1990 की पुलिस गोलीबा... गोड्डा-भागलपुर रेल मार्ग पर निर्माण का...
11 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

भाई दूज : माथे का तिलक नहीं यह भाई बहिन का अटूट रिस्ता है

✍️ रिपोर्टर: Chandan Singh 🗓 11 नव. 2026, 08:28 AM 👁 15
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

भाई दूज : माथे का कोई तिलक नहीं है यह एक भाई बहिन का अटूट रिस्ता है

*भाई दूज : माथे का तिलक नहीं, भाई-बहन के रिश्ते में छिपे निश्छल प्रेम और जीवनभर के विश्वास का प्रतीक* आप देख रहे है न्यूज़ नीड 24 आबूरोड से ब्यूरो रिपोर्ट संवाददाता चन्दन सिंह कारोली आबूरोड सिरोही

भारतीय संस्कृति में रिश्तों को केवल खून के संबंधों से नहीं, बल्कि भावनाओं, त्याग, विश्वास और समर्पण से पहचाना जाता है। इन्हीं रिश्तों में भाई-बहन का रिश्ता सबसे अनूठा और भावुक रिश्ता है। इसमें जितनी मिठास है, उतनी ही नोकझोंक भी है। कभी छोटी-छोटी बातों पर झगड़ना, कभी एक-दूसरे की शिकायत करना, तो कभी बिना कुछ कहे एक-दूसरे के मन की बात समझ जाना। यही छोटी-छोटी यादें जीवनभर की सबसे अनमोल पूँजी बन जाती हैं। भाई दूज का पर्व इसी पवित्र रिश्ते की भावनात्मक गहराई को समर्पित है।
भाई दूज आते ही न जाने कितनी पुरानी यादें मन के दरवाजे पर दस्तक देने लगती हैं। वह बचपन, जब बहन अपने भाई के साथ खेलते हुए बड़ी होती थी, जब भाई अपनी बहन की छोटी-छोटी खुशियों के लिए अपनी पसंद की चीज भी छोड़ देता था। कभी बहन भाई की शिकायत करती थी, तो कभी मुसीबत आने पर सबसे पहले उसी के पक्ष में खड़ी हो जाती थी। उस समय शायद किसी को एहसास नहीं होता कि ये छोटे-छोटे पल एक दिन जीवन की सबसे खूबसूरत स्मृतियाँ बन जाएंगे।
समय का पहिया घूमता है। बचपन पीछे छूट जाता है। बहन विवाह के बाद दूसरे घर चली जाती है और भाई अपने परिवार तथा जिम्मेदारियों में व्यस्त हो जाता है। घर बदल जाते हैं, परिस्थितियाँ बदल जाती हैं, मिलने-जुलने के अवसर कम हो जाते हैं, लेकिन क्या कभी भाई के लिए बहन का स्थान बदलता है? क्या बहन के मन से मायके की यादें मिट जाती हैं? नहीं। बहन के लिए भाई केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि बचपन की यादों, माता-पिता के आँगन और अपनेपन से जुड़ा वह हिस्सा होता है, जिसे वह उम्रभर अपने हृदय में संजोकर रखती है।
कितनी विचित्र बात है कि जिस बहन के साथ भाई ने बचपन बिताया, जिसके साथ हर खुशी और हर परेशानी साझा की, वही बहन एक दिन अपने मायके से विदा होकर दूसरे घर की जिम्मेदारियाँ संभालने लगती है। वह अपने नए परिवार में सबको अपनाती है, लेकिन उसके मन का एक कोना हमेशा अपने मायके के लिए धड़कता रहता है। भाई के घर आने पर उसकी आँखों में जो चमक होती है, वह किसी महँगे उपहार से नहीं खरीदी जा सकती। कई बार बहन को भाई से कुछ नहीं चाहिए होता, उसे केवल इतना चाहिए होता है कि भाई दो पल बैठकर उसका हाल पूछ ले, उसके मन की बात सुन ले और उसे यह एहसास करा दे कि वह आज भी उसके लिए उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी बचपन में थी।
भाई दूज का पर्व हमें इसी संवेदना का एहसास कराता है। बहन जब भाई के माथे पर तिलक लगाती है, तो उस तिलक में केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि उसके मन की अनगिनत प्रार्थनाएँ और भाई के सुखी जीवन की कामना छिपी होती है। वहीं भाई का उपहार केवल कोई वस्तु नहीं होना चाहिए, बल्कि बहन के प्रति सम्मान, स्नेह, सुरक्षा और जीवनभर साथ निभाने का विश्वास होना चाहिए।
आज समाज में एक बड़ी विडंबना देखने को मिलती है। हम त्योहारों पर महँगे उपहार देने और दिखावे पर खूब खर्च करने लगे हैं, लेकिन कई बार अपने रिश्तों को समय देना भूल जाते हैं। सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की भरमार रहती है, लेकिन वास्तविक जीवन में अपनों का हाल पूछने का समय नहीं मिलता। हमें समझना होगा कि भाई दूज की सार्थकता किसी महँगी मिठाई, वस्त्र या उपहार में नहीं, बल्कि उस भावना में है, जिसके कारण भाई-बहन एक-दूसरे के सुख-दुःख में बिना किसी स्वार्थ के खड़े रहते हैं।
एक और कड़वी सच्चाई यह है कि कई परिवारों में संपत्ति, धन, अहंकार और छोटी-छोटी गलतफहमियाँ भाई-बहन के रिश्तों में दूरियाँ पैदा कर देती हैं। कभी भाई अपनी बहन को पराया समझने लगता है, तो कभी बहन भी परिस्थितियों के कारण अपने भाई से दूर हो जाती है। जिन रिश्तों को जीवनभर प्रेम और विश्वास से जुड़ा रहना चाहिए, वे कभी-कभी स्वार्थ की भेंट चढ़ जाते हैं। क्या हमने कभी सोचा है कि जिस बहन ने बचपन में अपने भाई की खुशी के लिए कितनी ही बार अपनी इच्छाएँ छोड़ी होंगी, उसे जीवन के किसी मोड़ पर उपेक्षा का सामना क्यों करना पड़े? भाई दूज हमें आत्ममंथन का अवसर देता है कि हम अपने व्यवहार में संवेदनशीलता लाएँ और रिश्तों को अहंकार से ऊपर रखें।
भाई होने का अर्थ केवल बहन की रक्षा का वचन देना नहीं, बल्कि उसके सम्मान, अधिकारों, भावनाओं और आत्मसम्मान की रक्षा करना भी है। बहन के लिए भाई का साथ किसी बड़े धन या संपत्ति से कम नहीं होता। इसी प्रकार बहन का स्नेह भाई के जीवन की कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उसे मानसिक शक्ति देता है। यह रिश्ता तभी मजबूत रह सकता है, जब दोनों एक-दूसरे को केवल त्योहारों पर नहीं, बल्कि जीवन के हर दिन याद रखें।
इस पर्व का एक भावुक पक्ष उन भाई-बहनों से भी जुड़ा है, जिनमें से कोई इस संसार में नहीं रहा। जिन बहनों के भाई अब इस दुनिया में नहीं हैं, उनके लिए भाई दूज की सुबह शायद आज भी बचपन की यादों के साथ आँखें नम कर देती होगी। जिन भाइयों की बहनें अब उनके बीच नहीं हैं, उनके लिए माथे पर तिलक की वह परंपरा एक अधूरी स्मृति बनकर रह जाती है। ऐसे लोगों के लिए यह त्योहार खुशियों के साथ-साथ यादों और भावनाओं का भी पर्व है।
आइए, इस भाई दूज पर हम केवल तिलक की रस्म पूरी न करें, बल्कि अपने रिश्तों को फिर से जीवंत करने का संकल्प लें। यदि किसी भाई-बहन के बीच मनमुटाव है तो उसे दूर करने की पहल करें। बहन को केवल त्योहारों पर याद न करें, बल्कि उसके सुख-दुःख में सहभागी बनें। भाई को केवल उपहार न दें, बल्कि उसके प्रति अपना स्नेह और विश्वास भी व्यक्त करें। क्योंकि जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह नहीं कि हमने कितना धन कमाया, कितनी संपत्ति बनाई या कितनी प्रतिष्ठा अर्जित की, बल्कि यह है कि हमारे अपने लोग हमें कितने प्रेम और विश्वास से याद करते हैं।
याद रखिए, बहन के लिए भाई का घर कभी पराया नहीं होता और भाई के लिए बहन कभी पराई नहीं हो सकती। वक्त बदल सकता है, दूरियाँ बढ़ सकती हैं, जिम्मेदारियाँ आ सकती हैं, लेकिन बचपन के उस निश्छल रिश्ते की जगह संसार की कोई दूसरी चीज नहीं ले सकती।
भाई दूज का पावन पर्व सभी भाई-बहनों के जीवन में प्रेम, विश्वास, सम्मान और खुशियों का उजाला लेकर आए। हर बहन के माथे का तिलक उसके भाई की लंबी उम्र और खुशहाली का प्रतीक बने तथा हर भाई अपनी बहन के सम्मान और मुस्कान का कारण बने।
सभी भाई-बहनों को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएँ।
नितिन जैन
📲Get App