🔥 TRENDING कार्य சிறந்த வியாபாரிகள் விருது வழங்க வேண்டு... India, Canada Reach Fifth Negotiation... Sanjay Gupta Questions Smoking in Film... Nor'easter Hits US Northeast, Floods H... October 2026: Rare Planetary Conjuncti...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पुनपुन नदी उफान पर, पालीगंज के कई गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

✍️ Reporter: Ankit Raj 🗓 05 Sep 2026, 09:56 AM 👁 36
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

सड़क भी टूटी, विधायक ने दौरा कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

पुनपुन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण पालीगंज प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। नदी का पानी निचले इलाकों में प्रवेश करने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है, जबकि तेज बहाव के कारण सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। शुक्रवार को पालीगंज विधायक डॉ. संदीप सौरभ ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

विधायक ने दहिया पंचायत के रूपापुर, बाला बिगहा और हेल्हा, कटका पैगम्बरपुर पंचायत के कौरी तथा नदहरी-कोदहरी पंचायत के बऊवाँ और अलीपुर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ के पानी से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। तेज बहाव के कारण रूपापुर-बाला बिगहा सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई है। इससे रूपापुर गांव का संपर्क प्रभावित हुआ है और ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बऊवाँ, अलीपुर सहित अन्य प्रभावित इलाकों में भी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। ग्रामीणों ने विधायक को जलजमाव, आवागमन और राहत से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया।

डॉ. संदीप सौरभ ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार तत्काल बचाव एवं राहत कार्य चलाने, क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत कराने तथा प्रभावित गांवों में आवागमन बहाल करने को कहा।

विधायक ने अधिकारियों से विशेष रूप से जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक गांव और परिवार की सुरक्षा प्राथमिकता है। प्रशासन बिना देरी राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करे। इस कठिन समय में क्षेत्र के लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
📲Get App