🔥 TRENDING बागमती नदी का जलस्तर बढ़ा, माड़र पुल क... Karnataka FDA Calls Centre to Act on 2... भारी बारिश से निंबड़ी चांदावता के खेतो... MSRTC Bus Crash Near Belapur Flyover I... Two Arrested in Murder of Hindu Trader... Road Agency and Contractor Penalised O...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
पालीगंज में ग्रीन विलेज मुहिम ने पकड़ी रफ्तार

पालीगंज में ग्रीन विलेज मुहिम ने पकड़ी रफ्तार

✍️ Reporter: Ankit Raj 🗓 03 Sep 2026, 09:10 PM 👁 51
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

धरती को हरा-भरा बनाने के लिए स्कूल से गांव तक बांटे 500 पौधे

पालीगंज में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना जिले के पालीगंज प्रखंड क्षेत्र में ग्रीन विलेज मुहिम के तहत पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मसौढ़ा स्थित ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल में स्कूली बच्चों के बीच पौधों का वितरण किया गया। इसके साथ ही दरियापुर, धाना, जलपुरा, मधुबन, मोहब्बतपुर, करकटबिगहा समेत पालीगंज के आसपास के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों को भी पौधे दिए गए। कार्यक्रम के दौरान कुल 500 पौधों का वितरण किया गया।

यह अभियान अमित कुमार एवं सुमित कुमार के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। पौधा वितरण कार्यक्रम में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों ने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाले वर्षों में क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सके।

अमित कुमार ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और पर्यावरण में हो रहे बदलाव को देखते हुए पेड़-पौधों का संरक्षण बेहद जरूरी है। पेड़ न केवल वातावरण को ठंडा रखने में मदद करते हैं, बल्कि लोगों को स्वच्छ हवा और पर्याप्त ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई के कारण अनेक जंगली जानवर, पक्षी और अन्य जीव-जंतु अपने प्राकृतिक आवास से वंचित हो गए हैं। ग्रीन विलेज मुहिम का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाना और इन जीव-जंतुओं के लिए फिर से सुरक्षित आशियाना तैयार करना है।

बताया गया कि इस मुहिम के तहत स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पौधा वितरण किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सके।

कार्यक्रम में ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल के संचालक आलोक कुमार, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
📲Get App