🔥 TRENDING બ્રેકિંગ બેંકોની દેશવ્યાપી હડતાળ ટળી આ... Two Arrested for Displaying Criminal’s... Analyst Criticizes Taylor Swift’s ‘Cle... Taylor Swift Shines in Black‑Silver Go... Jay‑Z Confesses He Was Immature Before... Karnataka Bars Tamil Nadu Cattle Amid...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
*लोकतंत्र के महापर्व में जैसलमेर ने दिखाया उत्साह, 80.95 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग*

*लोकतंत्र के महापर्व में जैसलमेर ने दिखाया उत्साह, 80.95 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग*

✍️ Reporter: Rajendra Kumar sen 🗓 10 Sep 2026, 08:12 AM 👁 77
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*जैसलमेर नगर परिषद आम चुनाव-2026*

*लोकतंत्र के महापर्व में जैसलमेर ने दिखाया उत्साह, 80.95 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग*

*44 वार्डों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान सम्पन्न, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा*

जैसलमेर, 9 सितम्बर। नगर परिषद जैसलमेर आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को शहर के 44 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केन्द्रों पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि 45 वार्डों वाली नगर परिषद में वार्ड संख्या 23 में निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण शेष 44 वार्डों में मतदान कराया गया। इन वार्डों में कुल 35 हजार 837 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 29 हजार 9 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार कुल 80.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः 10 बजे तक 21.96 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 47.11 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 63.77 प्रतिशत एवं शाम 6 बजे तक 79.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ों के अनुसार मतदान प्रतिशत 80.95 प्रतिशत रहा।

*चुनाव पर्यवेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों का लिया जायजा*

मतदान दिवस पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदाताओं की सुविधा तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण किया। विशेष रूप से संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

जैसलमेर नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जैसलमेर वीरेन्द्र सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की।

*शांतिपूर्ण मतदान के लिए जताया आभार*

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने जैसलमेर नगर परिषद चुनाव में शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान के लिए जिले के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने के लिए महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित सभी मतदाताओं की सराहना की।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग के लिए राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों, पुलिस बल तथा अन्य सभी संबंधित विभागों एवं कार्मिकों का भी आभार व्यक्त किया।
📲Get App