🔥 TRENDING वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने व... गुरुवा चौक में बिना नंबर प्लेट वाली गा... पिता की हत्या के आरोप में पत्नी और बेट... Ella Langley Dominates CMA Awards 2026... Shanaya Kapoor Confirms 'Student of th... Fujifilm Launches Half-Digital, Half-F...
19 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

करौली में देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह व श्रम रोकथाम के लिए संयुक्त रणनीति बनाई

✍️ Reporter: Buddhi Prakash Mali 🗓 19 Nov 2026, 06:41 PM 👁 19
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बाल संरक्षण सप्ताह के तहत करौली जिला प्रशासन ने देवउठनी एकादशी पर आयोजित होने वाले विवाह समारोहों में बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम के लिए विशेष बैठक बुलाई। बैठक में निगरानी, रेस्क्यू और कानूनी कार्रवाई के लिए संयुक्त कार्ययोजना पर सहमति बनी।

करौली। बाल संरक्षण सप्ताह के तहत जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग एवं एक्शनएड एसोसिएशन – डीएमजी इवेंट्स करौली द्वारा देवउठनी एकादशी (अबूझ सावे) के अवसर पर आयोजित होने वाले विवाह समारोहों में बाल विवाह एवं बाल श्रम की प्रभावी रोकथाम को लेकर जिला बाल कल्याण समिति कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा ने की। बैठक में देवउठनी एकादशी पर होने वाले विवाह आयोजनों के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बाल विवाह एवं बाल श्रम के संभावित मामलों की पहचान, निगरानी, रोकथाम तथा जरूरत पड़ने पर बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए संयुक्त कार्ययोजना एवं रणनीति पर चर्चा की गई।

एक्शनएड एसोसिएशन के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने बताया कि देवउठनी एकादशी को अबूझ सावा होने के कारण बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित होते हैं। ऐसे आयोजनों में कई बार छोटे-छोटे बच्चों से बर्तन साफ करवाने, पानी पिलाने, खाना परोसने, साफ-सफाई एवं अन्य कार्य करवाए जाते हैं, जो बाल श्रम की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि विवाह समारोह खुशियों और उत्सव का अवसर हैं, लेकिन इनकी आड़ में किसी भी बच्चे के बचपन, शिक्षा एवं सुरक्षा से समझौता नहीं होना चाहिए। बाल विवाह एवं बाल श्रम की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता के साथ-साथ सतर्क निगरानी बेहद जरूरी है।

जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि विवाह आयोजनों में बाल विवाह एवं बाल श्रम के मामलों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ऐसे मामले सामने आने पर संबंधित विभागों के माध्यम से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित संस्थाओं एवं जिम्मेदार नागरिकों से बच्चों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बाल कल्याण समिति सदस्य फरीदा शाह ने कहा कि बच्चों को शोषण, बाल विवाह एवं बाल श्रम से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागों, संस्थाओं एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है।

संरक्षण अधिकारी सविता शर्मा ने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बाल विवाह एवं बाल श्रम से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से ऐसे मामलों की सूचना संबंधित विभागों को देने की अपील की। प्रयत्न संस्था के जिला समन्वयक फजलू खान ने कहा कि विवाह आयोजनों के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा बाल श्रम एवं बाल विवाह की रोकथाम के लिए संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन टीम सदस्य ललेश ने ऐसे मामलों में पूरी सतर्कता बरतने तथा सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करने की बात कही।

बैठक में सभी ने संकल्प लिया कि बाल संरक्षण सप्ताह के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाले विवाह समारोहों में किसी भी बच्चे से बाल श्रम नहीं करवाने तथा किसी भी नाबालिग का विवाह नहीं होने देने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान बाल मित्र हेमराज माली सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
📲Get App