🔥 TRENDING करौली में BRICS सस्टेनेबल वीक के तीसरे... ଜୁମଡାଙ୍ଗ ଓଡ଼ିଶାର ଅଂଶ, ସୀମା ବିବାଦରେ ଜିଲ... सुपौल से हिमालय की बर्फीली चोटियों का... करौली के वीणा मेमोरियल कॉलेज में 'विकस... ಜಿಲ್ಲೆಯಲ್ಲಿ ಅಕ್ರಮ ಚಟುವಟಿಕೆ ತಡೆಯುವಲ್ಲಿ... મેલડીના દીવાની જ્યોતમાં જોવા મળ્યો અદભ...
04 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Education

करौली के वीणा मेमोरियल कॉलेज में 'विकसित भारत युवा संसद' का आयोजन, विजेताओं को मिलेगी विधानसभा में बोलने की मौका

✍️ Reporter: Buddhi Prakash Mali 🗓 04 Nov 2026, 07:49 AM 👁 4
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

राजस्थान के करौली में वीणा मेमोरियल पीजी कॉलेज में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत 'विकसित भारत युवा संसद' का आयोजन किया गया। 'एक राष्ट्र: एक चुनाव' विषय पर चर्चा करने वाले शीर्ष विजेताओं को राज्य विधानसभा में अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा।

राजस्थान के करौली जिले में वीणा मेमोरियल पीजी महाविद्यालय में माय भारत करौली और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 'विकसित भारत युवा संसद' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय कार्यप्रणाली और समसामयिक राष्ट्रीय नीतिगत मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने 'एक राष्ट्र: एक चुनाव' विषय पर उत्साह और तार्किक दृष्टिकोण के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।

संसदीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लेते हुए प्रतिभागियों ने 'एक राष्ट्र: एक चुनाव' के राजनीतिक, आर्थिक और संवैधानिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। पक्ष और विपक्ष के वक्ताओं ने संसाधनों की बचत, निरंतर चुनावी आचार संहिता से विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं और संघीय ढांचे के संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सशक्त दलीलें पेश कीं। प्रतियोगिता में सचिन जादौन, वर्षा मीणा और चांदनी शर्मा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के शीर्ष विजेताओं का चयन राज्य स्तर के लिए किया गया है, जिसके तहत उन्हें राज्य विधानसभा में बोलने और अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मण धाकड़ ने युवाओं को भारतीय संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों और विधायी कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक जागरूक और सशक्त युवा पीढ़ी ही देश के लोकतांत्रिक आधार को मजबूत कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संसदीय गरिमा, निष्पक्ष संवाद और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों के वाक् कुशलता, विषय की समझ, प्रस्तुतीकरण और तर्कशीलता का मूल्यांकन करने के लिए प्राचार्य डॉ. लक्ष्मण धाकड़, श्री रघुनंदन सिंह, डॉ. केशव पाराशर एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. सुरेश चंद्र माली शामिल रहे।

माय भारत करौली के उपनिदेशक पंकज यादव ने विभाग द्वारा संचालित यूथ इंगेजमेंट कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि करौली जिले से 44,000 से अधिक युवा माय भारत पोर्टल से जुड़ चुके हैं और वे लगातार रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया तथा शीर्ष विजेताओं को विधानसभा स्तर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
📲Get App