शिक्षा
यूपी के युवाओं के आइडिया को मिलेगी नई उड़ान, कॉलेज-यूनिवर्सिटी में शुरू होगी ‘स्टार्टअप एक्सप्रेस’
नए आइडिया को स्टार्टअप में बदलने और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में युवाओं के नए और इनोवेटिव आइडिया को स्टार्टअप का रूप देने के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ‘स्टार्टअप एक्सप्रेस’ पहल शुरू की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा इनोवेटर्स को उनके आइडिया को विकसित करने से लेकर बाजार तक पहुंचाने में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। ‘स्टार्टअप एक्सप्रेस’ के माध्यम से चयनित युवाओं को इन्क्यूबेशन, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। इससे विद्यार्थियों को अपने नए विचारों पर काम करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें व्यावसायिक रूप देने का अवसर मिलेगा। इस पहल से प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में स्टार्टअप और इनोवेशन का माहौल मजबूत होने की उम्मीद है। युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाले उद्यमी बनने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले नए आइडिया को व्यापक बाजार तक पहुंचाया जा सके। ‘स्टार्टअप एक्सप्रेस’ को युवाओं की रचनात्मक सोच, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।