योगापट्टी में नवविवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
योगापट्टी (पश्चिम चंपारण)। योगापट्टी थाना क्षेत्र के अमैठिया वृत्ति टोला गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान राजू कुमार की पत्नी सोनी देवी (19 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। जानकारी के अनुसार, सोनी देवी की शादी दूधिया गांव निवासी सुदामा प्रसाद की पुत्री के साथ हुई थी। घटना को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इसके बाद एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। थानाध्यक्ष ध्रुव नारायण सिंह ने बताया कि एफएसएल टीम से घटनास्थल की जांच कराई गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।