स्थानीय
UP-112 की समीक्षा बैठक में सख्त हुए पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत, PRV कर्मियों को दिए कड़े निर्देश
UP-112 की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने पर जोर, PRV कर्मियों को समयबद्ध कार्रवाई और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन उरई परिसर में UP-112 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने की। इस दौरान UP-112 प्रभारी सहित PRV वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बैठक में जनपद में संचालित समस्त PRV वाहनों के रिस्पॉन्स टाइम, प्राप्त होने वाली घटनाओं के निस्तारण, निर्धारित चेकिंग प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने निर्देश दिए कि सभी PRV कर्मी अपने निर्धारित चेकिंग प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और बिना अनुमति के निर्धारित स्थान न छोड़ें। किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होने पर PRV तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। रिस्पॉन्स टाइम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा पीड़ितों की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही PRV वाहनों की नियमित साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों की जांच तथा GPS और वायरलेस व्यवस्था को प्रतिदिन चेक करने के लिए भी निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि UP-112 आपातकालीन परिस्थितियों में जनता को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण पुलिस सेवा है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करें।