दस साल से जाम नाली की समस्या से परेशान ग्रामीण, घरों में घुस रहा गंदा पानी
योगापट्टी। प्रखंड की चौमुखा पंचायत के वार्ड संख्या 17 स्थित नानकार गांव में नाली जाम होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। करीब दस वर्ष पहले बनाई गई नाली की नियमित सफाई और मरम्मत नहीं होने के कारण गंदे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थिति यह है कि नाली का गंदा पानी अब लोगों के घरों में प्रवेश करने लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्वी टोला से नानकार जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे बनी नाली लंबे समय से जाम पड़ी है। कई स्थानों पर नाली टूट भी चुकी है, जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आसपास गंदगी फैलने के साथ जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली की सफाई और मरम्मत को लेकर स्थानीय मुखिया से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं। अजय कुमार ठाकुर, कुन्दन सिंह, श्री रामदयाल ठाकुर, रामभरोस ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहने से आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। समय रहते नाली की सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द नाली की सफाई कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करने तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।