🔥 TRENDING Punjab Government to Mark Bhagat Singh... Four Men Booked for Harassment of Girl... "મન કી બાત પ્રાકૃતિક કૃષિ કે સાથ" India Records Fewer Road Crashes but R... Opposition protests detention of CJP a... Mid-Day Affirms India Remains a Solid...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
दुल्हिन बाजार में सड़क निर्माण अधूरा, ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग
Local

दुल्हिन बाजार में सड़क निर्माण अधूरा, ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग

✍️ Reporter: Ankit Raj 🗓 15 Jul 2026, 09:36 PM 👁 90
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

अनियमित की भेंट चढ़ी दुल्हिन बाजार की सड़क

पटना जिले के दुल्हिन बाजार स्थित राम लखन सिंह यादव उच्च विद्यालय जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण एवं नाला निर्माण के नाम पर कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन बीच में ही अधूरा छोड़ दिए जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इससे लोगों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय ग्रामीण सुभाष चौधरी अनुसार लगभग चार माह पूर्व सड़क के कायाकल्प और सुदृढ़ीकरण के नाम पर 12 फीट चौड़ी अच्छी-खासी सड़क को मनोज यादव के घर से नंदलाल साव के घर तक तोड़ दिया गया। इसके बाद सड़क से करीब दो फीट ऊंचा नाला बनाकर निर्माण कार्य रोक दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण सड़क की स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो गई है।

स्थानीय निवासी अब्दुल मजीद का आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए राशि की निकासी हो चुकी है, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

अधूरे निर्माण के कारण दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नाला क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, चारपहिया वाहनों का इस मार्ग से गुजरना लगभग असंभव हो गया है। इसका सीधा असर राम लखन सिंह यादव उच्च विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों पर पड़ रहा है।

विकास कुमार ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर कहीं भी योजना संबंधी सूचना पट्ट (बोर्ड) नहीं लगाया गया है। इससे निर्माण एजेंसी, लागत और कार्य अवधि जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं हो सकी हैं, जिससे लोगों का संदेह और गहरा गया है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी अधिकारियों और संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अधूरे पड़े सड़क एवं नाला निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर आम जनता को राहत देने की अपील की है।
📲Get App