🔥 TRENDING Fad Le Waheguru Ji Da Palla's Box‑Offi... ‘The Paradise’ completes fourth day at... West Bengal to Settle Seven-Year DA Ar... Election Commissioners Convene Meeting... Floods and Landslides Claim Over 56 Li... BJP Yuva Morcha District General Secre...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
दुल्हिन बाजार में एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू
Health

दुल्हिन बाजार में एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू

✍️ Reporter: Ankit Raj 🗓 18 Jul 2026, 06:03 PM 👁 77
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

पशु चिकित्सालय परिसर में हुई शुरुआत, घर-घर होगा निःशुल्क टीकाकरण

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के अंतर्गत खुरहा एवं मुंहपका रोग (फुट एंड माउथ डिजीज-एफएमडी) से बचाव के लिए शनिवार को दुल्हिन बाजार प्रखंड पशु चिकित्सालय परिसर में निःशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन प्रशिक्षु पशु चिकित्सा पदाधिकारी सह नोडल टीकाकरण पदाधिकारी डॉ. रागनी कुमारी ने किया।

उद्घाटन के अवसर पर डॉ. रागनी कुमारी ने बताया कि एफएमडी पशुओं में होने वाला अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे दुग्ध उत्पादन प्रभावित होने के साथ-साथ पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस बीमारी की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा पूरे बिहार में व्यापक स्तर पर निःशुल्क टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुल्हिन बाजार प्रखंड के सभी पंचायतों में प्रशिक्षित टीकाकर्मी घर-घर जाकर गाय, भैंस एवं अन्य पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगे। पशुपालकों से अपील की गई कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं और अभियान में विभाग का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र को खुरहा एवं मुंहपका रोग से सुरक्षित बनाया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि टीकाकरण से पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और संक्रमण फैलने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र पशु तक पहुंचकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी टीकाकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार तथा नियमित टीकाकरण के महत्व की भी जानकारी दी गई। विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अभियान को सफल बनाने के लिए हर पंचायत में प्रभावी निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर डॉ. शारिका राज, डॉ. आदित्य कुमार, धर्मवीर कुमार, गौतम कुमार, प्रिंस कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने अभियान को पशुपालकों और पशुधन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
📲Get App