राजनीति
शालीमार बाग में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से मिले जनप्रतिनिधि, तैयारियों का लिया जायजा; मुनक नहर पर बने 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट की हुई सराहना
हर छठव्रती का सम्मान सर्वोपरि, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता
नई दिल्ली। शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात कर छठ महापर्व की तैयारियों की जानकारी ली गई। इस दौरान छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने मुनक नहर के किनारे नवनिर्मित 11 किलोमीटर लंबे भव्य छठ घाट के निर्माण के लिए दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। छठ महापर्व को लेकर दिल्ली सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली के विभिन्न छठ घाटों पर स्वच्छता, आकर्षक सजावट, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, चेंजिंग रूम और सीसीटीवी कैमरों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस अवसर पर कहा गया कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और लोक संस्कृति का प्रतीक है। इस महापर्व में शामिल होने वाले प्रत्येक छठव्रती और श्रद्धालु का सम्मान सर्वोपरि है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े और प्रत्येक परिवार हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मना सके। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर व्यवस्थाओं और जनसहयोग से दिल्ली में छठ महापर्व इस वर्ष और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा।