🔥 TRENDING निवाई की कीर कॉलोनी में विवाद में घायल... Bengaluru Couple Invents Swivel Seat t... Bangalore Youth Team Launches "Our Sch... Parul University Goa and Health Direct... Rangashankara Theatre Festival 2026 to... Goa Slashes ATF VAT to 7% from 15%, Ef...
23 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

सवाई माधोपुर में जिला सड़क सुरक्षा समिति ने दी सख्त कार्रवाई और तकनीकी निगरानी के निर्देश

✍️ Reporter: Buddhi Prakash Mali 🗓 23 Oct 2026, 08:08 PM 👁 10
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

सवाई माधोपुर में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, हेलमेट-सीट बेल्ट अभियान को गति देने और सड़क मरम्मत पर जोर दिया गया।

सवाई माधोपुर, 22 अक्टूबर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए गुरुवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में काना राम ने विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट अभियान को गति देने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित कार्रवाई करने, तकनीक आधारित निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सड़क एजेंसियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, गड्ढे भरने तथा प्रमुख मार्गों पर व्हाइट मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को एक्सप्रेस-वे पर किए गए मरम्मत कार्य का निरीक्षण करने तथा सभी प्रमुख मार्गों के किनारे अनधिकृत रूप से लगाए गए ढाबों को हटाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, हम्मीर ब्रिज पर जाम की समस्या के समाधान के लिए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने तथा ब्रिज के चारों ओर के गड्ढों को दुरुस्त करवाने के निर्देश अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी गोविन्द सहाय को दिए गए। कोटा-टोंक की ओर से आने वाले बाहरी वाहनों को शहर में प्रवेश दिए बिना मध्यप्रदेश जाने के लिए कुस्तला रोड़ से सीधे वैकल्पिक मार्ग तलाशने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग को दिए गए।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी चालानों की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह को चालान की संख्या बढ़ाने तथा ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरहाइट और बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस विभाग को रणथम्भौर रोड पर भारी साउंड सिस्टम का उपयोग करने वाले एवं तेज गति से चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा गया। रणथम्भौर रोड़ एवं जोगी महल से गणेशधाम के मध्य मार्ग पर गति सीमा के बोर्ड लगाने, श्री त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित गति सीमा में चलाने के लिए पाबंद करने, जीपीएस सिस्टम लगवाकर गति सीमा की मॉनिटरिंग करने और आईरेड ऐप का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया को शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर निराश्रित नंदी और गौवंशों को नजदीकी नंदीशालाओं एवं गौशालाओं में शिफ्ट करवाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे जंगल की सफाई, आवारा पशुओं को हटाने, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने और दुर्घटनाओं में मृत्यु के कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को निर्धारित निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित कर अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग हरि सिंह मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
📲Get App