🔥 TRENDING American YouTuber MrBeast Praises Rama... Ramayana Film with Ranbir Kapoor, Sai... Ground Collapse at CCL's Lancaster Hos... Black Paint Defaces Dr Shyama Prasad M... AMD, HPE, MRNA Stocks Hit 52-Week Peak... पाण्याच्या तीव्र टंचाईमुळे शेतकरी हवाल...
28 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
संपतचक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
National

संपतचक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन

✍️ Reporter: Niraj Kumar 🗓 14 Aug 2026, 12:26 PM 👁 67
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संपतचक में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन और छात्रों ने भाग लिया। यह यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों की याद में निकाली गई।

संपतचक, 14 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को संपतचक बाजार में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा संपतचक कन्या उच्च विद्यालय से शुरू होकर पैदल प्रखंड कार्यालय तक पहुंची।

तिरंगा यात्रा में संपतचक की प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुज्ञा कुमारी के नेतृत्व में प्रखंड के पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान प्रधान लिपिक सुनील कुमार, प्रभारी आवास पर्यवेक्षक संजय कुमार, लेखा सहायक रंजना कुमारी, वर्ग लिपिक निमा प्रकारा, उर्दू अनुवादक इमरान, सहायक उर्दू अनुवादक फरहत जहां एवं भगुफ्ता, ग्रामीण आवास सहायक निमा कुमारी, कार्यपालक सहायक चपेन कुमार, कार्यपालक सहायक (आरटीपीएस) कुन्दन कुमार, कार्यपालक सहायक टिन्कू कुमार, आईटी सहायक परवेज, कार्यपालक सहायक सुजय कुमार तथा आईटी सह लेखा सहायक प्रिंस कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा में गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह के साथ सौरभ कुमार, निरंजन कुमार, अनिल कुमार सहित गोपालपुर थाना के कई पुलिसकर्मी एवं पुलिस बल भी मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। इस कार्यक्रम में कन्या उच्च विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक और विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ छात्र-छात्राओं ने पूरे मार्ग में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुज्ञा कुमारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार यह तिरंगा यात्रा आयोजित की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबे समय तक अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें स्वतंत्र भारत की सौगात दी। नई पीढ़ी और आसपास के लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के इस ऐतिहासिक पहलू से परिचित कराना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

बीडीओ ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
📲Get App