🔥 TRENDING Gondhal team seeks Maharashtra CM Deve... Director Shivam Shankar Explains Restr... Rain and Thunderstorms Sweep Across Mu... Patiala Police Nab Two Armed Members o... BJP’s Deb and Rekha to Spend Two Days... વિરમગામમાં આઇકોનિક કોમ્પલેક્ષ માં Nexu...
30 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

*रबी फसल में किसानों को मिलेगा पांच बारी का पूरा पानी*

✍️ Reporter: Rajendra Kumar sen 🗓 30 Sep 2026, 07:45 AM 👁 58
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*रबी फसल में किसानों को मिलेगा पांच बारी का पूरा पानी*

*इंदिरा गांधी नहर परियोजना के द्वितीय चरण में जल वितरण एवं उपयोग संबंधी परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित*

जैसलमेर, 29 सितंबर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के द्वितीय चरण में आगामी रबी फसल के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने तथा जल वितरण एवं उपयोग की प्रभावी निगरानी को लेकर जल वितरण एवं उपयोग के लिए गठित परामर्शदात्री समिति की बैठक मंगलवार को अतिरिक्त मुख्य अभियंता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, जैसलमेर के सभागार में आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य अभियंता इंदिरा गांधी नहर परियोजना, बीकानेर विवेक गोयल ने कहा कि इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के बावजूद आगामी रबी फसल के लिए किसानों को पांच बारी का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जल वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा उपलब्ध जल का समुचित एवं न्यायसंगत उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

*जल वितरण की होगी प्रभावी मॉनिटरिंग*

जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि जल उपभोक्ता संगम के प्रतिनिधि संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं के साथ समन्वय रखते हुए नहरों में पानी के वितरण एवं प्रवाह की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने किसानों तक निर्धारित मात्रा में पानी पहुंचाने तथा जल वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने की आवश्यकता बताई।

पोकरण विधायक प्रतापपुरी महाराज ने बैठक में संबंधित सभी प्रतिनिधियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने नहर क्षेत्र में अवैध काश्त का पूर्ण आकलन कर प्रभावी कार्रवाई करने तथा किसी भी स्थिति में अवैध काश्त नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उपखंड अधिकारी ने बताया कि अवैध काश्त की निगरानी एवं रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुलिस विभाग से 50 आरएसी जवान उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा जल वितरण व्यवस्था एवं नहर क्षेत्र की निगरानी को लेकर आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. मीना, उपखंड अधिकारी वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, संयुक्त निदेशक कृषि महावीर प्रसाद, अधीक्षण अभियंता वृत-3 रामावतार मीना, अधीक्षण अभियंता जैसलमेर वृत मधुसूदन, अधीक्षण अभियंता वृत रेगुलेशन बीकानेर वीरेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता वृत-प्रथम बीकानेर रामचंद्र ईनानिया, किसान नेता मूलाराम चौधरी, अचलाराम, विजय सिंह, साहबान खां, बैणसिंह सहित अन्य कृषकगण तथा इंदिरा गांधी नहर परियोजना के समस्त अधिशाषी अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
📲Get App