🔥 TRENDING Assam Rifles Launches Fitness Drives A... NHPC Commences Commercial Operation of... Wildlife Institute of India to Conduct... एटा के जैथरा में दो बाइकों की भिड़ंत,... Scooter Rider Fatally Killed in Hit‑an... Bus Falls Into Gorge Near Udhampur, Tw...
21 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

।प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा

✍️ Reporter: Suraj Poswal 🗓 21 Oct 2026, 08:16 PM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

दौसा, 21 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के साथ बुधवार को आगामी पंचायत आम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में रिटर्निंग अधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों एवं पंचायत समिति विकास अधिकारियों से तैयारियों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे सभी अधिकारी एवं कार्मिक सामूहिक टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ पूरा करें। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन मजिस्ट्रेट और मतदान दलों के साथ निरन्तर समन्वय बनाकर कार्य करना होगा, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में संपन्न हो सकें।

उन्होंने मतदान केंद्रों एवं मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। मतदान केंद्रों पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना पट्ट एवं संकेतक लगाए जाएं तथा मतदान केंद्रों के आसपास निर्माण सामग्री नहीं रखी जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे से संबंधित नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब के भंडारण एवं वितरण पर निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

डॉ. सौम्या झा ने डाक मतपत्र प्रक्रिया, संचार योजना तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से निर्वाचन संबंधी तैयारियां समय पर पूरी करें, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को निर्भीक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधिकारी पूरी सतर्कता से कार्य करें। उन्होंने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद शर्मा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं पंचायत समिति विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
📲Get App