स्थानीय
पुलिस झण्डा दिवस पर पुलिस अधीक्षक जालौन ने पुलिस लाइन में ध्वज फहराकर दी सलामी
पुलिस ध्वज हमारी गौरवशाली परंपरा, शौर्य और बलिदान का प्रतीक : एसपी सुरेश चन्द्र रावत
उरई (जालौन)। पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन उरई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत ने पुलिस ध्वज को सलामी दी और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा तथा अनुशासन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी वर्दी की बाईं जेब पर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिन्ह धारण किया। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत ने कहा कि पुलिस झण्डा दिवस हम सभी को अपने ध्वज के सम्मान, त्याग, बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। पुलिस ध्वज हमारी गौरवशाली परंपरा, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ करें तथा पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखें। इस अवसर पर पुलिस लाइन में पुलिस ध्वज का वितरण किया गया। साथ ही अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहयोग राशि भी प्रदान की। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी उरई (नगर) राजेश कमल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित जनपद के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।